खेल

श्रीलंका टेस्ट श्रृंखला से पहले स्पिन के खिलाफ खुद को परखेंगे भारतीय बल्लेबाज

कोलंबो, 06 अगस्त (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। भारतीय बल्लेबाज अगले सप्ताह श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला से पहले शुक्रवार को ‘नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब’ मैदान पर श्रीलंका एकादश के विरुद्ध खेले जाने वाले तीन दिवसीय अभ्यास मैच में स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अपनी तैयारियों को पुख्ता कोशिश करेंगे।

हाल के दिनों में घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखलाओं में भारतीय बल्लेबाजों की सबसे बड़ी कमजोरी बेहतर स्पिन गेंदबाजी के सामने उजागर हुई थी। श्रीलंका के खिलाफ भी परिस्थितियां कुछ अलग नहीं होंगी।

श्रीलंका के पास विशेष रूप से घरेलू परिस्थितियों में प्रभावी स्पिन आक्रमण है। ऐसे में 15 अगस्त से गॉल में खेले जाने वाले पहले टेस्ट से पहले यह अभ्यास मैच भारतीय बल्लेबाजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कप्तान शुभमन गिल, लोकेश राहुल और यशस्वी जायसवाल जैसे प्रमुख बल्लेबाज श्रीलंका रवाना होने से पहले अपने-अपने घरेलू अभ्यास केंद्रों पर स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अभ्यास कर चुके हैं, लेकिन श्रीलंकाई पिचों पर मैच जैसी परिस्थितियों में खेलने का अनुभव उससे कहीं अधिक उपयोगी होगा।

यह तीन दिवसीय मुकाबला खिलाड़ियों को स्थानीय परिस्थितियों से तालमेल बैठाने का अवसर देगा। टीम के कई खिलाड़ी पहली बार श्रीलंका में लाल गेंद के क्रिकेट में उतरेंगे। इस अभ्यास मैच के लिए श्रीलंका एकादश की टीम की घोषणा अभी नहीं हुई है।

भारत ने पिछली बार 2017 में श्रीलंका में टेस्ट श्रृंखला खेली थी और तब से टीम में बड़े बदलाव आ चुके हैं। मौजूदा भारतीय टीम में केवल लोकेश राहुल, कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा को ही श्रीलंका में टेस्ट खेलने का अनुभव है।

चोटिल जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करेंगे। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मानव सुथार और सारांश जैन का साथ मिलेगा।

सिराज और कुलदीप को छोड़कर अधिकांश गेंदबाज अपेक्षाकृत अनुभवहीन हैं और वे श्रीलंकाई परिस्थितियों में अपनी क्षमता साबित करने के लिए उत्सुक होंगे।

गुरनूर बराड़ और सारांश जैन ने पिछले महीने गॉल में भारत ‘ए’ की ओर से श्रीलंका ‘ए’ के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। दोनों खिलाड़ी इस अभ्यास मैच में भी अच्छा प्रदर्शन कर अपनी तैयारी को और मजबूत करना चाहेंगे।

मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी खिलाड़ियों को हर पहलू पर पूरी तैयारी करने का संदेश दिया।

उन्होंने बीसीसीआई की ओर से जारी वीडियो में कहा, ‘‘हमें पता है कि हमारे सामने क्या चुनौती है। हम भरपूर अभ्यास कर सकते हैं, अपनी क्षमता की सीमाओं को आगे बढ़ा सकते हैं, हर तैयारी पूरी कर सकते हैं और 15 अगस्त की सुबह, चाहे हम पहले बल्लेबाजी करें या गेंदबाजी, हमारे पास हर चुनौती का जवाब तैयार होना चाहिए। इसलिए अभी से हर पहलू पर पूरी तैयारी सुनिश्चित करें।’’

मौसम हालांकि भारत की तैयारियों में बाधा बन सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से शहर में रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान जताया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *