मनोरंजन

सलमान खान ने प्रदीप रावत को दी श्रद्धांजलि, बोले- आपके साथ बिताए कई अच्छे पल

मुंबई, 06 अगस्त (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपने दोस्त और दिवंगत अभिनेता प्रदीप रावत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि प्रदीप रावत के साथ बिताए पल हमेशा याद रहेंगे।

सलमान खान ने बुधवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म ‘बागी: ए रिबेल फॉर लव’ का एक सीन साझा किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, “भाई, आपके साथ कई अच्छे पल बिताए… ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे।”

सलमान खान और प्रदीप रावत ने 1990 में रिलीज हुई फिल्म ‘बागी: ए रिबेल फॉर लव’ में साथ काम किया था। फिल्म में प्रदीप रावत ने ‘बुद्धा’ और सलमान ने मुख्य किरदार ‘साजन सूद’ की भूमिका निभाई थी।

74 वर्षीय प्रदीप रावत का मंगलवार को निधन हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह कैंसर से पीड़ित थे और उनकी बीमारी दोबारा उभर आई थी।

इस बीच, वरिष्ठ अभिनेता सुरेंद्र पाल सिंह ने भी अपने ‘महाभारत’ के सह-कलाकार को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर ‘महाभारत’ का एक दृश्य साझा करते हुए लिखा कि प्रदीप रावत के साथ काम करना उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि अश्वत्थामा के रूप में प्रदीप रावत का समर्पण, दमदार अभिनय और प्रभावशाली व्यक्तित्व हमेशा याद रखा जाएगा।

बी.आर. चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक ‘महाभारत’ में सुरेंद्र पाल सिंह ने गुरु द्रोणाचार्य, जबकि प्रदीप रावत ने अश्वत्थामा की भूमिका निभाई थी।

अभिनेता रितेश देशमुख ने भी प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि उन्हें उनके साथ काम करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने प्रदीप रावत को एक सच्चा सज्जन और खुशमिजाज इंसान बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *