देश दुनिया

भाजपा गौकशी पर गांधी के सिद्धांतों की समर्थक: प्रह्लाद जोशी

पणजी, 09 सितंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। केंद्रीय कोयला और खनन मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोमवार को कहा कि जहां तक गौकशी पर सिद्धांत का सवाल है, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महात्मा गांधी की शिक्षाओं का अनुसरण करेगी। यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा-शासित कर्नाटक गौकशी समेत बीफ की बिक्री और इसे पास रखने पर कार्रवाई के लिए कानून बनाएगी, जोशी ने कहा कि यह कर्नाटक के लोगों की ‘जन भावनाओं’ पर निर्भर करेगा।

कर्नाटक भाजपा के गौरक्षा प्रकोष्ठ ने बीते सप्ताह मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा को एक ज्ञापन सौंपा था, जिसमें दक्षिणी राज्य में गौकशी पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई थी।

कर्नाटक से लोकसभा सांसद जोशी ने कहा कि भाजपा गौकशी के खिलाफ है और दोहराया कि मामले में भाजपा की स्थिति महात्मा गांधी के सिद्धांत के समान है। जोशी ने कहा, “हम मामले में महात्मा गांधी के पक्ष का समर्थन करते हैं।”

यह पूछे जाने पर कि क्या कर्नाटक में गौकशी पर प्रतिबंध लगने की संभावना है, पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, “गौकशी पर प्रतिबंध कई राज्यों में है। कर्नाटक में, इसपर निर्णय लिया जाना बाकी है, लेकिन अगर इसपर निर्णय लिया भी जाएगा तो यह कर्नाटक के लोगों की भावनाओं पर आधारित होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *