अलग-अलग स्थान पर दो महिलाओं ने की आत्महत्या
नई दिल्ली, 19 अगस्त (सक्षम भारत)। उत्तर पश्चिमी जिला मुखर्जी नगर इलाके में दो अलग-अलग मामलों में 85 साल की बुजुर्ग महिला समेत दो महिलाओं ने आत्महत्या कर ली। इन दोनों के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन शुरूआती जांच में पता चला है कि दोनों महिलाएं डिप्रेशन की शिकार थीं और दोनों का ही उपचार चल रहा था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।
सोमवार को डीसीपी विजिंता आर्या ने बताया कि रविवार सुबह छह बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि धीरपुर इलाके में एक महिला ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी है। परिवार वाले उसे परमानंद अस्पताल ले गए। पुलिस अस्पताल पहुंची, तब तक डॉक्टरों ने महिला कमलेश देवी (55) को मृत घोषित कर दिया था। कमलेश के पति का नाम राजकुमार है। वह दो बेटे और बहूओं के साथ धीरपुर इलाके में रहते हैं। पूछताछ में परिवार वालों ने बताया कि कमलेश करीब 35 साल से डिप्रेशन की शिकार थी। उनका इलाज चल रहा था। मामले की जांच की जा रही है।
दूसरे घटना रविवार दोपहर करीब एक बजे की है। विजय नगर में एक बुजुर्ग महिला सुमन आनंद (85) ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक परिजन उसे बाड़ा हिंदूराव अस्पताल ले जा चुके थे। वहां डॉक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। वह बेटे अशोक के साथ रहती थी। परिजनों का कहना है कि सुमन का पिछले नौ माह से डिप्रेशन का उपचार चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।