नागपुर में नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
नागपुर, 31 मई (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। महाराष्ट्र के नागपुर जिले की पुलिस क्राइम ब्रांच ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों पिछले कुछ दिनों से 10, 20, 50 और 100 रुपये के नकली नोट छाप कर विभिन्न बाजारों में सर्कुलेट कर रहे थे। पुलिस क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ उपायुक्त गजानन राजमाने ने सोमवार को बताया कि क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि शहर के मानकापुर इलाके में कुछ लोग नकली नोट छाप कर मार्केट मे सर्कुलेट कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने मानकापुर इलाके के एकता नगर में छापा मार कर निलेश कडबे और मारूफ खान उर्फ रफीक खान को गिरफ्तार किया। राजमाने ने बताया कि मौके से कंम्प्यूटर, दो कलर प्रिंटर और नकली नोट बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपितों ने यूट्यूब पर वीडिओ देखकर नकली नोट बनाना सीखा था। दोनों की उम्र 24 साल के आसपास है। किसी को शक न हो इसलिए छोटी नोट छाप रहे थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार दोनों आरोपित अब तक लगभग 2 लाख रुपये के नकली नोट बाजार में चला चुके हैं। राजमाने ने बताया कि आरोपित नकली नोटों से शराब और इलेक्ट्रॉनिक्स की वस्तुएं खरीदते थे। बहरहाल क्राइम ब्रांच इन आरोपितों से पूछताछ में जुटी हुई है।