देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

मुर्मू को बीजद, वाईएसआर कांग्रेस के समर्थन के संकेत

नई दिल्ली, 22 जून (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से इतर आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने राष्ट्रपति चुनाव में राजग उम्मीदवार श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने के स्पष्ट संकेत दे दिये हैं।
वाईएसआर कांग्रेस के संसदीय दल के नेता श्री वी. विजयसाई रेड्डी ने ट्वीटर पर अपने संदेश में श्रीमती मुर्मू को बधाई देते कहा है कि श्रीमती मुर्मू को राजग द्वारा राष्ट्रपति चुनाव में प्रत्याशी घोषित किये जाने पर हार्दिक बधाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बात बिल्कुल सही है कि श्रीमती मुर्मू हमारे देश की एक महान राष्ट्रपति साबित होंगी।
श्री रेेड्डी ने ट्वीटर पर श्रीमती मुर्मू से मुलाकात करते हुए अपनी एक फाइल फोटो भी साझा की है।
आंध्र प्रदेश की 175 सदस्यीय विधानसभा में वाईएसआर कांग्रेस के 150 और विधान परिषद में 33 सदस्य हैं। लोकसभा में 25 में से 22 सदस्य और राज्यसभा में 11 में से 6 सदस्य हैं।
भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाले सत्तारूढ़ राजग के पास कुल 10.79 लाख वोटों के आधे से थोड़ा कम यानी 5,26,420 है। उसे वाईएसआर कांग्रेस और बीजू जनता दल जैसे दलों एवं निर्दलीयों के सहयोग की जरूरत होगी। राष्ट्रपति पद के लिए आदिवासी एवं महिला श्रेणी में आने वाली श्रीमती मुर्मू के ओडिशा से होने का भी फायदा मिलेगा।
बीजू जनता दल (बीजद) के नेता एवं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी यह साफ कर दिया है। उन्होंने ट्वीटर पर श्रीमती मुर्मू को बधाई देते हुए लिखा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनसे इस बात की चर्चा की तो उन्हें बहुत खुशी हुई। यह ओडिशा के लोगों के लिए एक गौरवशाली क्षण है। मुझे भरोसा है कि श्रीमती मुर्मू देश में महिला सशक्तीकरण की एक चमकती हुई मिसाल बनेंगी।
राज्यसभा में ओडिशा से 10 में नौ सदस्य, लोकसभा में सभी 12 सदस्य बीजद के हैं। विधानसभा में बीजद के 114 विधायक हैं जबकि एक निर्दलीय एवं भाजपा के 22 सदस्य हैं। इस प्रकार से ओडिशा की 147 सदस्यीय विधानसभा में श्रीमती मुर्मू को 137 सदस्यों का समर्थन मिलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *