ऑस्ट्रेलिया में अक्षय की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बनी मिशन मंगल
नई दिल्ली, 02 सितंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। अक्षय कुमार की फिल्म मिशन मंगल ने बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी का एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। मिशन मंगल अक्षय की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म बनने से बस कुछ कदम दूर है। इस बीच मिशन मंगल ने ऑस्ट्रेलिया में भी नया रिकॉर्ड बना लिया है। मिशन मंगल ऑस्ट्रेलिया में अक्षय की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गयी है।
मिशन मंगल ने ऑस्ट्रेलिया में पहली सितम्बर तक 6 लाख डॉलर यानि लगभग 2.91 करोड़ का कारोबार कर लिया है। इसके साथ ही फिल्म ने हाउसफुल सीरीज, केसरी, पैडमैन को पीछे छोड़ दिया है, जो ऑस्ट्रेलिया में अक्षय की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्में थीं।
इधर, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी मिशन मंगल ने शानदार प्रदर्शन किया है। 15 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म तीसरे हफ्ते में चल रही है और साहो जैसी बड़ी चुनौती के बावजूद तीसरे वीकेंड में 9.09 करोड़ का कलेक्शन किया है। तीसरे वीकेंड के बाद मिशन मंगल 187.20 करोड़ जमा कर चुकी है।
सोमवार के कलेक्शंस के बाद मिशन मंगल अक्षय की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 2.0 को पीछे छोड़ देगी, जिसने 188 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसके अलावा मिशन मंगल रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा की बाजीराव मस्तानी (184 करोड़) को पीछे छोड़ चुकी है और अब रणबीर कपूर की यह जवानी है दीवानी के लाइफ टाइम कलेक्शन (190 करोड़) को पीछे छोड़ने के रास्ते पर है। मिशन मंगल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म की सूची में 21वें स्थान पर आ गयी है। अब गणेशोत्सव के चलते फिल्म के बिजनेस में कुछ और बढ़ोत्तरी होने की सम्भावना बन गयी है।