देश दुनिया

जेजेपी, बसपा हरियाणा में विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी: दुष्यंत चैटाला (अपडेट)

नई दिल्ली, 11 अगस्त (सक्षम भारत)। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने रविवार को एलान किया कि वे हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। जेजेपी नेता दुष्यंत चैटाला ने बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के साथ यहां संवाददाता सम्मेलन में इस गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में बसपा 50 सीटों पर और जेजेपी 40 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। हाल के लोकसभा चुनाव में जेजेपी ने आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन किया था जबकि इंडियन नेशनल लोकदल बसपा के साथ चुनाव मैदान में उतरा था। चैटाला ने कहा, दोनों पार्टियों के शीर्ष नेताओं की कई बैठकों के बाद यह निर्णय लिया गया कि जेजेपी और बसपा अगला विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ेंगी। मिश्रा ने कहा कि इस गठबंधन को पाटी सुप्रीमो मायावती का आशीर्वाद प्राप्त है। यह गठबंधन राज्य में इतिहास रचेगा। इस गठबंधन की संभावनाओं के बारे में चर्चा करते हुए दुष्यंत ने कहा कि राज्य के सामाजिक ताने-बाने को राज्य की वर्तमान भाजपा सरकार ने छिन्न-भिन्न कर दिया है। यह गठबंधन सुनिश्चित करेगा कि वह राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए समाज के सभी तबकों को साथ लेकर चले। जननायक जनता पार्टी, इनेलो से अलग हुआ धड़ा है जिसे अजय चैटाला ने अपने छोटे भाई अभय चैटाला के साथ मतभेदों के बाद बनाया था। अजय चैटाला और पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के कद्दावर नेता ओम प्रकाश चैटाला के जेल में पहुंच जाने के बाद अभय चैटाला ही इनेलो को चला रहे थे। पिछले साल तक इनेलो राज्य में मुख्य विपक्षी दल था लेकिन लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद कई पार्टी विधायक एवं अन्य नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 47 सीटें जीतकर पहली बार राज्य में सरकार बनायी। उसने कांग्रेस को हराया था जो दस सालों से सत्ता में थी। इनेलो 19 सीटें जीतकर मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरा। हरियाणा केंद्रित क्षेत्रीय दल इनेलो 15 सालों से सत्ता से बाहर है और जेजेपी के गठन के साथ ही पार्टी का बिखराव शुरू हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *