मनोरंजन

फ़िल्म ‘राजा शिवाजी’ का दमदार ट्रेलर हुआ रिलीज

मुंबई, 21 अप्रैल (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी ने अपनी फिल्म राजा शिवाजी का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इस फिल्म का निर्देशन, लेखन, निर्माण और मुख्य भूमिका रितेश देशमुख ने निभाई है। यह फिल्म हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके सफर को दर्शाती है।
फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक साहसी बच्चा आगे चलकर भारत के महान योद्धा राजा बनता है। इसमें शिवाजी महाराज की कुछ कम जानी-पहचानी कहानियों को बड़े स्तर पर पेश किया गया है। फिल्म उनके नेतृत्व, रणनीति और वीरता को नए नजरिए से दिखाती है। इससे पहले रिलीज हुआ टीज़र और ‘छत्रपति’ एंथम लोगों को बहुत पसंद आया था, और अब ट्रेलर ने उत्साह और बढ़ा दिया है।
ट्रेलर लॉन्च इवेंट में कई बड़े कलाकार संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, अमोल गुप्ते, जितेंद्र जोशी, ज्योति देशपांडे, जिनिलीया देशमुख और संगीतकार अजय-अतुल शामिल हुए।
रितेश देशमुख ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महान व्यक्तित्व को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि वे पिछले 10 सालों से इस फिल्म को बनाने की कोशिश कर रहे थे और 2023 में इसका काम शुरू हुआ। उन्होंने जियो स्टूडियोज और ज्योति देशपांडे का धन्यवाद किया और कहा कि यह फिल्म उनकी तरफ से महाराज को एक श्रद्धांजलि है।
जियो स्टूडियोज की प्रेसिडेंट ज्योति देशपांडे ने कहा कि राजा शिवाजी सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारत की पहचान, संस्कृति और इतिहास का उत्सव है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म शिवाजी महाराज के जीवन, उनकी सोच और उनके संघर्ष को दर्शाती है, जो आज भी लोगों को प्रेरित करता है।
जिनिलीया देशमुख ने कहा कि यह फिल्म उनके लिए बहुत भावनात्मक है और पूरी टीम ने इसे दिल से बनाया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी और सम्मान है।
यह फिल्म मराठी सिनेमा की सबसे बड़ी और भव्य फिल्मों में से एक मानी जा रही है। इसमें हिंदी और मराठी सिनेमा के कई बड़े कलाकार नजर आएंगे।राजा शिवाजी एक मई 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में मराठी और हिंदी भाषा में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *