मनोरंजन

‘सैयारा’ एक्ट्रेस अनीत पड्डा के दादाजी का निधन, अल्जाइमर से जंग हार गए अभिनेत्री के ‘इकलौते प्यार’

-इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट लिख साझा किया यादों का पिटारा

हैदराबाद, 21 अप्रैल (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। फिल्म ‘सैयारा’ से अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अनीत पड्डा के दादाजी का निधन हो गया है। अनीत ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर दादाजी का हाथ थामे हुए एक दिल को छू लेने वाली तस्वीर साझा की और उन्हें अपने जीवन का “इकलौता प्यार” बताया। अभिनेत्री ने एक अत्यंत भावुक कैप्शन लिखते हुए कहा कि भले ही वे अपनी याददाश्त खो चुके थे, लेकिन प्यार करना नहीं भूले। अनीत ने लिखा, “आप मुझसे दूर जा रहे थे, लेकिन आप ‘मक्खन’ को नहीं भूले। आपने यादों को नहीं, बल्कि प्यार को थामे रखा।”

अनीत के दादाजी लंबे समय से अल्जाइमर (भूलने की बीमारी) से जूझ रहे थे। संयोगवश, अनीत ने अपनी फिल्म ‘सैयारा’ में भी एक अल्जाइमर रोगी के साथ भावनात्मक जुड़ाव का किरदार निभाया था। अभिनेत्री ने पुराने साक्षात्कार में बताया था कि बीमारी के कारण उनके दादाजी अक्सर उनका नाम भूल जाते थे, लेकिन वे उन्हें प्यार से ‘हीरापुत’ या ‘मक्खन’ कहकर बुलाते थे। अनीत के अनुसार, उनके दादाजी का मानना था कि “दिमाग भले भूल जाए, पर दिल कभी नहीं भूलता,” और यह बात उनके अंतिम पलों तक सच साबित हुई।

अपने दादाजी को याद करते हुए अनीत ने वादा किया है कि वे उनकी दयालुता, उनके चुटकुले और उनकी कहानियों को पूरी दुनिया को सुनाएंगी। उन्होंने दादाजी को आकाश का “सबसे चमकीला तारा” बताया और कहा कि वे समय की सीमाओं से परे उनसे हमेशा प्यार करती रहेंगी। पेशेवर मोर्चे पर, अनीत पड्डा जल्द ही मैडॉक फिल्म्स की ‘शक्ति शालिनी’ में नजर आने वाली हैं। इसके अलावा, अहान पांडे के साथ उनकी एक और बड़ी फिल्म पाइपलाइन में है, जिसकी शूटिंग वे जल्द ही पूरी करेंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *