व्यापार

शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी

मुंबई, 21 अप्रैल (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी रही।

बीएसई का सेंसेक्स 96.86 अंक की बढ़त के साथ 78,617.16 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 344.63 अंक (0.44 प्रतिशत) ऊपर 78,864.93 अंक पर था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की निफ्टी-50 सूचकांक भी 9.70 अंक की मजबूती में 24,374.55 अंक पर खुला और खबर लिखे जाते समय 90.05 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,454.90 अंक पर रहा।

अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर निवेशक सतर्कतापूर्ण लिवाली कर रहे हैं।

बाजार में चौतरफा लिवाली देखने को मिल रही है और निवेशक मझौली तथा छोटी कंपनियों में भी पैसा लगा रहे हैं।

आईटी को छोड़कर सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में हैं। रियलटी सेक्टर का सूचकांक फिलहाल डेढ़ फीसदी से ज्यादा ऊपर है। बैंकिंग, वित्त, ऑटो, धातु, एफएमसीजी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों में भी अच्छी तेजी रही।

सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक, अडानी पोर्ट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में हैं। एनटीपीसी, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स और ट्रेंट के शेयर भी मजबूत बने हुए हैं।

इंफोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट और टीसीएस के शेयर दबाव में दिख रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *