व्यापार

शुरुआती कारोबार में 800 अंक से ज्यादा लुढ़का सेंसेक्स

मुंबई, 13 फरवरी (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों में बिकवाली के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स 800 अंक से अधिक लुढ़क गया।

सेंसेक्स 772.19 अंक की गिरावट के साथ 82,902.73 अंक पर खुला। एक समय यह 883 अंक की नीचे 82,791.52 अंक तक लुढ़क गया था। खबर लिखे जाते समय यह 775.74 अंक (0.93 प्रतिशत) टूट कर 82,899.18 अंक पर रहा।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 236.05 अंक फिसलकर 25,571.15 अंक पर खुलने के बाद खबर लिखे जाते समय 247.35 अंक यानी 0.96 प्रतिशत की गिरावट में 25,559.85 अंक पर था।

वैश्विक स्तर पर दूसरे एशियाई शेयर बाजार भी गिरावट के साथ खुले। आईटी कंपनियों में बिकवाली आज भी जारी रही। निफ़्टी आईटी सूचकांक में चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। धातु और रियलिटी समूहों के सूचकांक ढाई प्रतिशत से अधिक टूट गये। रसायन, वित्त, तेल एवं गैस, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और मीडिया समूहों के सूचकांकों में भी एक फ़ीसदी से ज्यादा की गिरावट देखी गयी। अन्य समूहों के सूचकांक भी नीचे थे।

सेंसेक्स की गिरावट में इंफोसिस, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटरनल, एलएंडटी और हिंदुस्तान यूनीलिवर का सबसे अधिक योगदान रहा। सिर्फ एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस और एयरटेल के शेयर ही फिलहाल ऊपर चल रहे हैं। इंफोसिस में छह प्रतिशत से ज्यादा, टीसीएस में पांच प्रतिशत के करीब, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में साढ़े चार प्रतिशत के करीब और टेक महिंद्रा में तीन प्रतिशत के करीब गिरावट है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *