खेल

शुक्र है जल्दी पता चल गया, कैंसर से निजात पाने के बाद बोले माइकल क्लार्क

सिडनी, 27 अगस्त (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क स्किन कैंसर से जुड़ी जागरुकता पोस्ट शेयर की है। वह लंबे समय से इस बीमारी से लड़ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक ऑपरेशन भी करवाया है। सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने लोगों से इस बीमारी से सजग रहने की बात कही है।

माइकल क्लार्क ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए अपनी बीमारी से जुड़ी जानकारी देने के साथ ही लोगों से कैंसर के बारे में जागरूक रहने की बात कही है। क्लार्क ने लिखा, “ऑस्ट्रेलिया में स्किन कैंसर एक सच है। अपनी स्किन की जांच जरूर करवाएं। यह एक दोस्ताना सलाह है। रोकथाम इलाज से बेहतर है, लेकिन मेरे मामले में, नियमित जांच और जल्दी पता लगाना जरूरी है। शुक्र है जल्दी पता चल गया।” माइकल क्लार्क ने एक तस्वीर भी पोस्ट की है। इसमें उनके नाक पर एक पट्टी बंधी हुई है। यह इस बात का संकेत है कि उनकी छोटी सर्जरी हुई है।

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान क्लार्क को अपने स्किन कैंसर का पता 2006 में चला था। इसके बाद से वे लगातार रिकवरी की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। उन्होंने अब तक कई ऑपरेशन कराए हैं। क्लार्क को चेहरे और माथे का स्किन कैंसर था। उन्होंने इसके कई ऑपरेशन कराए। अब वे इससे पूरी तरह से निजात पा चुके हैं। क्लार्क इस बीमारी को लेकर लोगों को जागरूक भी करते रहे हैं। साल 2010 में वे कैंसर काउंसिल के एंबेसडर बने थे।

पूर्व कप्तान ने बताया कि स्किन कैंसर ज्यादा देर तक सूरज की रोशनी में रहने की वजह से होता है। टेस्ट मैचों के दौरान खिलाड़ियों को ज्यादा देर तक धूप में रहना पड़ता है। इससे स्किन पर सूरज की रोशनी का ज्यादा असर होता है। चेहरे को सूरज की रोशनी से बचाने की जरूरत है।

44 साल के माइकल क्लार्क ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन क्रिकेटर और कप्तान रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 2015 का वनडे विश्व कप क्लार्क की कप्तानी में जीता था। इसी साल क्लार्क ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। क्लार्क ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 115 टेस्ट में 28 शतक लगाते हुए 8,643 रन, 245 वनडे में 8 शतक और 58 अर्धशतक लगाते हुए 7,981 रन और 34 टी20 में 488 रन बनाए। टेस्ट में क्लार्क तिहरा शतक भी लगा चुके हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *