Tuesday, March 17, 2026
Latest:
मनोरंजन

बॉक्स ऑफिस पर ‘ठग लाइफ’ की रफ्तार थमी, फिल्म को नहीं मिला दर्शकों का प्यार

मुंबई, 10 जून (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। कमल हासन इन दिनों अपनी हालिया रिलीज़ फिल्म ‘ठग लाइफ’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म अब दर्शकों के बीच पहुंच चुकी है और इसे समीक्षकों व दर्शकों से मिश्रित प्रतिक्रिया मिल रही है। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। हर बीतते दिन के साथ फिल्म की कमाई की रफ्तार धीमी होती जा रही है। अब फिल्म के पांचवें दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ गए हैं, जिनमें साफ तौर पर गिरावट दर्ज की गई है।

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार कमल हासन की फिल्म ‘ठग लाइफ’ ने अपनी रिलीज के पांचवें दिन यानी पहले सोमवार को 3.25 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 40.15 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। फिल्म ने पहले दिन 36.90 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी, जो ठीक-ठाक मानी जा रही है। दूसरे दिन फिल्म ने 7.15 करोड़, तीसरे दिन 7.75 करोड़ और चौथे दिन 6.5 करोड़ रुपये की कमाई की थी। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में स्थिरता बनी रहती है या और गिरावट आती है।

‘ठग लाइफ’ के निर्देशन की बागडोर मशहूर फिल्ममेकर मणिरत्नम ने संभाली है, जिन्हें ‘दिल से’ और ‘पोन्नियिन सेल्वन’ जैसी बेहतरीन फिल्मों के लिए जाना जाता है। इस फिल्म की कहानी मणिरत्नम और कमल हासन ने मिलकर लिखी है, और दोनों ही इस प्रोजेक्ट के सह-निर्माता भी हैं। फिल्म में कमल हासन के साथ-साथ सिलंबरासन, तृषा कृष्णन और अभिरामी जैसे कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से जान डाल दी है। बजट की बात करें तो, ‘ठग लाइफ’ को 180 करोड़ रुपये में बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *