खेल

हाकी: फ्लिर्क्स ब्रदर्स हरियाणा और राउंड ग्लास पंजाब जीते

लखनऊ, 02 मार्च (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। पिछले संस्करण की विजेता फ्लिर्क्स ब्रदर्स हरियाणा और राउंड ग्लास पंजाब की टीम ने 33वीं आल इंडिया केडी सिंह बाबू सब जूनियर बालक (अंडर-14) प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट के तीसरे दिन बुधवार को खेले गए मैच में अपने-अपने प्रतिद्वंदियों के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की।

केडी सिंह बाबू स्मारक सोसायटी के तत्वावधान में गोमती नगर के विजयंत खंड स्थित पद्मश्री मो. शाहिद सिंथेटिक टर्फ स्टेडियम पर खेले जा रहे टूर्नामेंट में फ्लिर्क्स ब्रदर्स हरियाणा ने राजा करन हॉकी को 13-0 से और राउंड ग्लास पंजाब ने भीलवाड़ा राजस्थान को 8-0 से मात दी। वही मेजबान यूपी की ब्लू टीम को नवल टाटा ओडिशा ने 2-0 से हराया।

फ्लिर्क्स ब्रदर्स हरियाणा की जीत में जसकीरत ने सात गोल दागे। उन्होंने 11वे, 14वे, 22वे और 42वे मिनट में गोल दागने के बाद 56वे, 57वे व 58वे मिनट में लगातार तीन गोल करते हुए अपनी हैट-ट्रिक भी पूरी की। राउंड ग्लास पंजाब ने पूरे मैच में आक्रामक अंदाज का प्रदर्शन किया तो टीम के डिफेंस ने भी शानदार खेल दिखाया जिससे विरोधी टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।

दूसरी ओर नवल टाटा ओडिशा ने यूपी ब्लू को 2-0 से मात दी। इस मैच में यूपी ब्लू भले गोल न कर सकी लेकिन उसने विरोधी टीम को खासा छकाया। अन्य मुकाबलों में ध्यानचंद हॉकी अकादमी आंध्र प्रदेश ने के साई चरन के एकमात्र गोल से टीडब्लूसी मणिपुर को 1-0 से हराया। वही साउथर्न हॉकी अकादमी ने तमिलनाडु हॉकी अकादमी को 2-0 से और हॉकी हरियाणा ने रॉयल हॉकी पंजाब को 11-0 से मात दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *