देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

राष्ट्रीय राजधानी में मौसम विभाग ने जताया आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान

नई दिल्ली, 20 मई (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार की सुबह गर्म रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक, 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने गरज के साथ छीटें पड़ने और बिजली चमकने की संभावना के साथ आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।

आईएमडी के मुताबिक, सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। गौरतलब है कि सफदरजंग वेधशाला के मौसम संबंधी आंकड़ों को दिल्ली के लिए मानक माना जाता है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान है। आईएमडी ने बताया सुबह साढ़े आठ बजे हवा में सापेक्षिक आर्द्रता दर 58 प्रतिशत दर्ज की गई।

वायु गुणवत्ता एजेंसी सफर के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में सुबह नौ बजकर तीन मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 206 था। वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *