Sunday, March 22, 2026
Latest:
खेल

जापान, आस्ट्रेलिया का विजय अभियान जारी, गोलकीपर के बिना खेला किर्गीस्तान

सियोल, 08 जून (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। जापान, आस्ट्रेलिया और सीरिया ने फुटबॉल विश्व कप 2022 के एशियाई क्वालीफाईंग में अपना विजय अभियान जारी रखा जबकि किर्गीस्तान को पूरा मैच गोलकीपर के बिना खेलना पड़ा।

कोविड-19 के कारण किर्गीस्तान के तीनों गोलकीपर पृथकवास पर हैं और उसे सोमवार को दूसरे दौर के क्वालीफायर में एक डिफेंडर को यह जिम्मेदारी सौंपनी पड़ी।

आइजर अखमातोव ने गोलकीपर की भूमिका निभायी लेकिन वह फीफा रैंकिंग में 192वें नंबर पर काबिज मंगोलिया को 1-0 से जीत दर्ज करने से नहीं रोक पाये। मंगोलिया की यह आठ मैचों में दूसरी जीत है लेकिन वह ग्रुप में अंतिम स्थान पर है।

जापान ग्रुप में शीर्ष पर बना हुआ है। उसने ताजिकिस्तान को 4-1 से हराकर अपनी सातवीं जीत दर्ज की। जापान पहले ही क्वालीफाईंग के तीसरे दौर में जगह सुरक्षित कर चुका है।

जापान की तरफ से क्योगो फुरुहाशी, ताकुमी मिनामिनो, केंटो हाशिमोतो और हयाओ कवाडे ने गोल किये। ताजिकिस्तान के लिये एहसोनी पनशांबे ने गोल दागा। जापान ने इस तरह से 549 मिनट के बाद पहला गोल गंवाया।

सीरिया ने शारजाह में गुआम को 3-0 से हराया जो ग्रुप ए में उसकी सातवीं जीत है। वह तीसरे दौर में प्रवेश करने वाली दूसरी टीम बन गयी है।

आस्ट्रेलिया ने ग्रुप बी में ताइवान को 5-1 से पराजित किया जो उसकी छठी जीत है। वह जोर्डन से पांच अंक आगे है।

चीन ग्रुप ए में फिलीपीन्स को 2-0 से हराने के बावजूद दूसरा स्थान ही हासिल कर पाएगा। वह सीरिया से आठ अंक पीछे है।

ईरान ने ग्रुप सी में बहरीन को 3-0 से पराजित किया और वह इराक से दो अंक पीछे है जिसने कंबोडिया को 4-1 से हराया।

उज्बेकिस्तान ने ग्रुप डी में सिंगापुर को 5-0 से करारी शिकस्त दी जबकि भारत ने ग्रुप ई में बांग्लादेश को 2-0 से हराकर पहली जीत दर्ज की। वियतनाम ने ग्रुप जी में इंडोनेशिया को 4-0 से शिकस्त दी। संयुक्त अरब अमीरात ने थाईलैंड को 3-1 से हराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *