मनोरंजन

धर्मेंद्र को मिला ‘पद्म विभूषण’, हेमा मालिनी हुई भावुक

मुंबई, 26 मई (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। राष्ट्रपति भवन में 25 मई सोमवार को आयोजित भव्य समारोह में वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी पत्नी, अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ने ग्रहण किया। समारोह के दौरान हेमा मालिनी काफी भावुक नजर आईं और उनके चेहरे पर दिवंगत अभिनेता को याद करने की भावनाएं साफ दिखाई दीं।

पद्म पुरस्कार की घोषणा जनवरी 2026 में की गई थी। इस सम्मान को लेकर हेमा मालिनी ने कहा कि यह उनके परिवार के लिए बेहद भावुक और गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी अहाना इस मौके पर उनके साथ मौजूद थीं, जबकि ईशा आना चाहती थीं लेकिन किसी कारणवश शामिल नहीं हो सकीं। उन्होंने कहा कि सनी देओल, बॉबी देओल सहित पूरा परिवार इस सम्मान से बेहद खुश हैं और यह पल सभी के लिए यादगार बन गया है।

गौरतलब है कि धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में हुआ था। हिंदी सिनेमा के ‘ही-मैन’ के रूप में मशहूर धर्मेंद्र ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार फिल्में दीं। निधन से पहले वह आखिरी बार करण जौहर की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में नजर आए थे। वहीं उनके निधन के बाद उनकी अंतिम फिल्म इक्कीस 25 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *