देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

महू की घटना के उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए शिवराज ने

इंदौर/भोपाल, 16 मार्च (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र में एक आदिवासी युवती की कथित तौर पर प्रताड़ना के चलते मृत्यु के बाद पुलिस और भीड़ के बीच संघर्ष की घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस तैनात कर दिया गया है। इस बीच कथित तौर पर गोली लगने से भीड़ में शामिल एक युवक की मृत्यु के बाद विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और अधिक सतर्क हो गयी है।
पुलिस और भीड़ के बीच संघर्ष में कथित तौर पर गोली लगने से एक युवक की मृत्यु और एक अन्य के घायल होने की सूचना है। वहीं लगभग 20 पुलिस कर्मचारी भी घायल हुए हैं।
इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मामले की पूरी इंदौर संभाग के पुलिस प्रशासन से लेकर मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी अधिकारियों से कहा है।
इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस मामले की जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस का एक दल घटनास्थल पर भेजने का निर्देश दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महू क्षेत्र में आदिवासी युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गयी है। वहीं पुलिस फायरिंग में एक आदिवासी युवक की जान गयी है। श्री कमलनाथ ने ट्वीट के जरिए कहा कि वे इस हृदय विदारक घटना से व्यथित हैं और आदिवासी परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि घटना की जांच के लिए पार्टी के विधायकों का एक दल गठित किया है, जो घटनास्थल के लिए रवाना हो चुका है। उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार को भी आड़े हाथों लिया है।
वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने ट्वीट के जरिए कहा कि इंदौर जिले के महू की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने इस घटना की दंडाधिकारीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पूरी भाजपा पीड़ित परिवार के साथ है।
दरअसल महू क्षेत्र के बडगोंदा थाना क्षेत्र में आदिवासी युवती की मौत की सूचना के बाद कल उसके परिजन और समर्थक डोंगरगांव पुलिस चौकी के सामने युवती का शव रखकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस से बहस के बाद चौकी और वाहनों पर पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने अश्रुगैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। बाद में क्षेत्र में भीड़ (कथित तौर पर आदिवासी) और पुलिस के बीच संघर्ष और बढ़ गया। इस दौरान पुलिस पर हमले हुए तो पुलिस ने भी गोलीचालन किया। इस संघर्ष में एक युवक की और मौत हो गयी। उसका शव इंदौर लाए जाने की सूचना है। एक अन्य घायल भी है।
इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव को कम करने के प्रयास पुलिस प्रशासन कर रहा है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस मामले में आज से राजनैतिक बयानबाजी भी प्रारंभ हो गयी है। वहीं पुलिस ने प्रारंभिक सूचना के हवाले से कहा कि युवती की मृत्यु करंट लगने से हुयी है। वहीं उसके परिजनों का कहना है कि युवती को कथित दबंगों ने प्रताड़ित कर मार डाला है। उसके साथ दुष्कर्म की बात भी कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *