दीनदयाल की 103वीं जयंती पर उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 25 सितंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दीनदयाल उपाध्याय की 103वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और समाज के कमजोर तबके के उत्थान के लिए उनके प्रयासों को याद किया। नायडू ने ट्वीट किया, आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर आधुनिक भारत के मूर्धन्य विचारक की पावन स्मृति को प्रणाम करता हूं।
उन्होंने कहा, उपाध्याय जी भारत की सामाजिक सच्चाइयों से भली-भांति परिचित थे, उनके एकात्म मानवतावाद ने सदियों से समाज के हाशिए पर खड़े दुर्बल वर्गों को सामाजिक आर्थिक विकास की मूलधारा में सम्मिलित करने के लिए अंत्योदय जैसे विशेष प्रयास करने का आग्रह किया था। उपराष्ट्रपति ने कहा, उपाध्याय जी का मानना था कि प्रकृति सम्मत विकास ही संस्कृति है, प्रकृति विरुद्ध विकास समाज में विकृति पैदा करता है। समावेशी विकास ही स्थायी विकास है।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीनदयाल उपाध्याय को भारत का महान नेता बताया। मोदी ने ट्वीट किया, कमजोर तबके की सेवा करने का उनके जीवन का संदेश दूर-दूर तक गूंजता है। प्रधानमंत्री ने जनसंघ नेता के संबंध में उनके भाषण का एक छोटा सा वीडियो भी साझा किया। दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 1916 में मथुरा में हुआ था।