देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

भाजपा संसदीय बोर्ड की एकमात्र महिला सदस्य सुधा यादव ने की नड्डा से मुलाकात

नई दिल्ली, 18 अगस्त (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई संसदीय बोर्ड में शामिल एकमात्र महिला व पूर्व सांसद सुधा यादव ने बृहस्पतिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात कर उनका आभार जताया।

यादव ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाक़ात कर केंद्रीय संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल करने पर उनका आभार व्यक्त किया।’’

सुधा ने 1999 में महेन्द्रगढ़ संसदीय सीट पर चुनाव जीता था। उन्होंने उस वक्त कांग्रेस के उम्मीदवार राव इन्द्रजीत सिंह को हराया था। सिंह 2014 में भाजपा में शामिल हो गए।

गौरतलब है कि भाजपा ने बुधवार को केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पार्टी के संसदीय बोर्ड से हटा दिया और बी. एस. येदियुरप्पा तथा इकबाल सिंह लालपुरा सहित छह नये चेहरों को इसमें जगह दी है।

केन्द्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, के. लक्ष्मण, सत्यनारायण जाटिया और सुधा यादव भाजपा संसदीय बोर्ड के नये सदस्यों में शामिल हैं। सुधा यादव के पति सुखबीर सिंह यादव सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में डिप्टी कमांडेंट थे। करगिल युद्ध में सीमा पर पाकिस्तानी घुसपैठियों से लड़ते हुए उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *