नई दिल्ली न्यूज़

पुनम पराशर झा ने विधायक ऋतुराज झा के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग में की शिकायत

नई दिल्ली, 12 सितंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति की सदस्य पूनम पराशर झा ने गुरूवार को उनके खिलाफ सार्वजनिक मंच से अभद्र टिप्पणी करने के लिए किराडी विधानसभा के विधायक ऋतुराज झा के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग में लिखित शिकायत की। पूनम पराशर झा ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा रेखा शर्मा से मिल कर विधायक ऋतुराज झा के खिलाफ, भारतीय दंड संहिता की धारा 1860 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 के अंतर्गत कार्यवाही करने की मांग की है।

पूनम पराशर झा ने बताया कि गत दिनों किराडी विधानसभा के विधायक ऋतुराज झा ने सार्वजनिक मंच से अभद्र व अशोभनीय टिप्पणी की थी। जिस का सीधाप्रसारण फेसबुक के माध्यम से भी किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि श्री ऋतुराज झा ने जानबुझ कर एक महिला पर इस तरह कि अभद्र व अशोभनीय टिप्पणी की है। जिससे एक सामाजिक महिला की अस्मिता को ठेस लगी है। सुश्री झा ने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा रेखा शर्मा ने उन्हें आश्वासन दिया कि विधायक ऋतुराज झा द्वारा कि गई अभद्र टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ कठोर से कठोर कार्यवाही कि जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी उनके विधायक द्वारा एक महिला पर कि गई अभद्र टिप्पणी के लिए जल्द से जल्द कार्यवाही करनी चाहिए। पूनम पारशर झा ने बताया कि विधायक ऋतुराज झा द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी के संबंध में उन्होंने दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) संजय सिंह से भी मुलाकात कर लिखित शिकायत दी है। जिस पर उन्होंने जल्द से जल्द उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *