देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

राजग सरकार के आठ साल संतुलित विकास, सामाजिक न्याय को समर्पित रहे : प्रधानमंत्री मोदी

जयपुर/नई दिल्ली, 20 मई (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के आठ वर्ष देश के संतुलित विकास, सामाजिक न्याय और सुरक्षा को समर्पित रहे हैं और इस दौरान किसानों, श्रमिकों और मध्यम वर्ग की अपेक्षाओं को पूरा करने की कोशिशें हुईं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया में भारत के प्रति ‘‘एक विशेष भावना’’ जागृत हुई है और वह देश की ओर बहुत उम्मीदों से देख रही है, ठीक इसी प्रकार देश की जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति ‘‘एक विशेष स्नेह’’ रखती है और उसकी ओर बहुत उम्मीदों से देख रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की तीन दिवसीय बैठक के उद्घाटन सत्र को वीडियो कांफ्रेंस के जरिये संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा भले ही अभी तक की अपनी राजनीतिक यात्रा के शिखर पर हो लेकिन उसका मूल लक्ष्य भारत को ऊंचाई पर पहुंचाना है, जिसका सपना देश की आजादी के लिए मर मिटने वालों ने देखा था। मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में भाजपा-नीत केंद्र सरकार आगामी 30 मई को केंद्र की सत्ता में आठ साल पूरे कर रही है।

मोदी ने कहा, ‘‘इस महीने केंद्र की राजग सरकार के आठ वर्ष पूरे हो रहे हैं। यह आठ वर्ष संकल्प के रहे हैं… सिद्धियों के रहे हैं। यह आठ वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। यह आठ वर्ष देश के छोटे किसानों, श्रमिकों, मध्यम वर्ग की अपेक्षाओं को पूरा करने वाले रहे हैं। यह आठ वर्ष देश के संतुलित विकास, सामाजिक न्याय और सामाजिक सुरक्षा के लिए रहे हैं। यह आठ वर्ष देश की माताओं-बहनों-बेटियों के सशक्तीकरण, उनकी गरिमा बढ़ाने के प्रयासों के नाम रहे हैं।’’ उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वह देश भर में अभियान चलाएं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित ना रह जाए।

मोदी ने कहा, ‘‘दुनिया में भारत के प्रति किस तरह की विशेष भावना जागृत हुई है, यह हम सब देख रहे हैं। दुनिया आज भारत को बहुत उम्मीदों से देख रही है। ठीक वैसे ही भारत में भाजपा के प्रति जनता का एक विशेष स्नेह अनुभव हो रहा है। देश की जनता को भाजपा पर बहुत विश्वास है। वह बहुत उम्मीद से भाजपा की ओर देख रही है।’’ उन्होंने कहा कि देश की जनता की आकांक्षाओं से भाजपा जैसे राजनीतिक दल का दायित्व भी बहुत ज्यादा बढ़ जाता है।

आजादी की 100वीं वर्षगांठ की यात्रा में बचे 25 सालों का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि इस ‘‘अमृत काल’’ में देश ने अपने लिए लक्ष्य तय किए हैं और भाजपा के लिए यह समय इन लक्ष्यों के लिए निरंतर काम करने का है। उन्होंने कहा, ‘‘देश के लोगों की जो उम्मीदें हैं, हमें उन्हें पूरा करना है। देश के सामने जो चुनौतियां हैं, उन्हें हमें देश के लोगों के साथ मिलकर पार करना है। विजय के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश के लोगों में निराशा का माहौल था और सरकारों से उनकी उम्मीदें समाप्त हो गई थीं लेकिन 2014 में हुए आम चुनाव में देश की जनता ने एक नया इतिहास लिखने का फैसला किया। उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2014 के बाद भाजपा, देश को इस सोच से बाहर निकाल कर लाई है। आज निराशा नहीं, आशा और अपेक्षा का युग है। आज भारत के लोग आकांक्षाओं से भरे हैं। आज हिंदुस्तान का हर नागरिक नतीजे चाहता है और सरकारों को काम करते हुए देखना चाहता है। वह अपनी आंखों के सामने परिणाम प्राप्त करना चाहता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक नफा नुकसान से अलग, मैं इसे जनमानस में आया बहुत बड़ा सकारात्मक परिवर्तन मानता हूं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज 18 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, 400 से अधिक उसके सांसद हैं और राज्यसभा में भी वर्षों के बाद वह 100 के आंकड़े को छूने जा रही है ‘‘लेकिन इसके बावजूद चैन से बैठने का हमारा कोई हक नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें सत्ता भोग ही करना होता तो भारत जैसे विशाल देश में कोई भी सोच सकता है, अरे इतना सारा मिल गया… अब तो बैठो… आराम करो …जी नहीं, यह रास्ता हमारे लिए नहीं है। यह रास्ता हमें मंजूर ही नहीं है।’’ मोदी ने कहा कि जिन्होंने देश और पार्टी के लिए अपना जीवन खपा दिया है वह भाजपा के कार्यकर्ताओं को आराम करने की इजाजत नहीं देते। उन्होंने कहा, ‘‘इतनी अच्छी विजय पताका फहर रही है लेकिन आज भी, हम अधीर और बेचैन हैं, क्योंकि हमारा मूल लक्ष्य भारत को उस ऊंचाई पर पहुंचाना है, जिसका सपना देश की आजादी के लिए मर मिटने वालों ने देखा था।’’ प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत में सुंदर सिंह भंडारी, भैरों सिंह शेखावत सहित, राजस्थान में भाजपा के आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाने वाले दिवंगत नेताओं को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *