युद्धपोत आईएनएस रणवीर हादसे में शहीद नौसैनिकों के नामों का खुलासा
– हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 11 नौसैनिकों को नेवल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया
– नौसेना प्रमुख ने कहा, हम इस मुश्किल घड़ी में पूरी तरह से पीड़ित परिवारों के साथ
नई दिल्ली, 19 जनवरी (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। मुंबई के नेवल डाक यार्ड में मंगलवार की देर शाम एक युद्धपोत आईएनएस रणवीर के अंदरूनी हिस्से में हुए विस्फोट के बाद आग लगने पर तीन नौसैनिकों की मौत हुई है और 11 गंभीर रूप से झुलसे हैं। सभी घायलों को स्थानीय नेवल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घटना की जांच के लिए बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी का गठन कर दिया गया है। इस हादसे में शहीद हुए नौसैनिकों के परिवारों को इस बारे में जानकारी देने के बाद बुधवार को उनके नाम भी सार्वजनिक कर दिए गए।
नौसेना ने एक बयान में बताया कि नेवल डॉकयार्ड मुंबई पर मंगलवार शाम आईएनएस रणवीर के एक आंतरिक कंपार्टमेंट में विस्फोट हुआ, जिससे जहाज में आग लग गई। हालांकि, जहाज के चालक दल ने तुरंत आग पर काबू पा लिया लेकिन इस दुर्घटना में नौसेना के 3 कर्मियों की जान चली गई। तत्काल बचाव कार्य शुरू होने से जहाज को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। इस हादसे में शहीद हुए नौसैनिकों के परिवारों को इस बारे में जानकारी दे दी गई है। नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार और भारतीय नौसेना के सभी कर्मियों ने आईएनएस रणवीर पर तैनात कृष्ण कुमार एमसीपीओ प्, सुरिंदर कुमार एमसीपीओ प्प् और एके सिंह एमसीपीओ प्प् के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हम इस मुश्किल घड़ी में परिवारों के साथ पूरी तरह से खड़े हैं।
मौजूदा नौसेना प्रमुख आर. हरिकुमार भी इस पोत के प्रभारी रह चुके हैं। आईएनएस रणवीर मूलतः पूर्वी तट (वाइजैग) पर तैनात रहने वाला युद्धपोत है। यह नवंबर 2021 से मुंबई में था और जल्दी ही इसकी वापसी होनी थी। पीड़ित परिवारों को जानकारी देने के बाद आज सुबह हताहत नौसैनिकों की पहचान सार्वजनिक कर दी गई। इस जहाज का निर्माण पूर्व के सोवियत संघ में हुआ था। इस विस्फोट में घायल हुए 11 नौसैनिकों को इलाज के लिए आईएनएस अश्विनी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पांच राजपूत श्रेणी के विध्वंसकों में से चैथा आईएनएस रणवीर 28 अक्टूबर, 1986 को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था। यह 30 अधिकारियों और 310 नाविकों के एक दल द्वारा संचालित किया जाता है। आईएनएस रणवीर में आन-बोर्ड हथियारों में सतह से सतह और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें, विमान भेदी और मिसाइल रोधी बंदूकें, टॉरपीडो और पनडुब्बी रोधी राकेट शामिल हैं। नौसेना सूत्रों का कहना है कि इस हादसे के बाद भी पोत पर सुसज्जित हथियार एवं विस्फोटक सुरक्षित हैं।
आईएनएस रणवीर की समुद्री भूमिकाओं में तटीय और अपतटीय गश्त, समुद्री रास्तों की निगरानी, समुद्री कूटनीति, आतंकवाद का मुकाबला और समुद्री डकैती विरोधी अभियान शामिल हैं। जहाज कामोव 28 एंटी-सबमरीन हेलीकॉप्टर को संचालित करने में भी सक्षम है, जो जहाज को तटीय और अपतटीय गश्त, संचार की समुद्री लाइनों की निगरानी सहित कई तरह की भूमिका निभाने में सक्षम बनाता है। ‘रणवीर’ नाम का अर्थ है युद्ध में लड़ने वाले योद्धाओं की वीरता और पराक्रम।