देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

लोकसभा अध्यक्ष ने पैरालंपिक में पदक जीतने पर प्रवीण, अवनि को बधाई दी

नई दिल्ली, 03 सितंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर प्रवीण कुमार को और निशानेबाजी में 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच1 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर अवनि लेखरा को शुक्रवार को बधाई दी।

लोकसभा अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा, ‘‘तोक्यो पैरालंपिक खेलों में पुरूषों की ऊंची कूद स्पर्धा में प्रवीण कुमार ने रजत पदक जीता। निशानेबाजी में अवनी लेखरा ने जीता कांस्य पदक जीता। प्रवीण और अवनि को बधाई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रवीण ने पदक जीतने के साथ ही एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी दोहरी उपलब्धि भारतीय युवाओं के सामर्थ्य और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।’’

अवनि लेखरा की सफलता का जिक्र करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान की बेटी अवनि ने कांस्य पदक जीत कर इतिहास रचा है। बिरला ने कहा कि पैरालंपिक खेलों में यह गौरवान्वित करने वाली उपलब्धि है। यह सफलता उनके निष्ठापूर्ण समर्पण एवं अद्भुत क्षमता की परिचायक है।

उल्लेखनीय है कि प्रवीण कुमार ने तोक्यो पैरालंपिक में एशियाई रिकॉर्ड के साथ पुरूषों की ऊंची कूद टी64 स्पर्धा में रजत पदक जीता। उन्होंने पैरालंपिक में पदार्पण करते हुए 2.07 मीटर की कूद से एशियाई रिकॉर्ड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

वहीं, निशानेबाज अवनि लेखरा ने शुक्रवार को तोक्यो खेलों की 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच1 स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ ही वह दो पैरालंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गयीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *