आस्ट्रेलिया के घुड़सवार को तोक्यो ओलंपिक से अस्थाई रूप से प्रतिबंधित किया गया
सिडनी, 21 जुलाई (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। आस्ट्रेलिया के घुड़सवारी संघ ने बुधवार को कहा कि कोकीन के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसने ओलंपिक शो जंपिंग टीम के एक सदस्य को अस्थाई रूप से निलंबित किया है। संचालन संस्था ने कहा कि स्पोर्ट्स इंटिग्रिटी आस्ट्रेलिया द्वारा 26 जून को किए परीक्षण में जेमी केरमोंड का ‘ए’ नमूना प्रतिबंधित पदार्थ कोकीन के लिए पॉजिटिव आया है। संघ ने कहा कि केरमोंड को तोक्यो ओलंपिक में प्रतिस्पर्धा से प्रतिबंध किया गया है लेकिन उनके पास ‘बी’ नमूने का परीक्षण कराने का अधिकार है। तोक्यो में 36 साल के केरमोंड के ओलंपिक में पदार्पण करने की उम्मीद थी। आस्ट्रेलिया ओलंपिक समिति ने बयान में कहा कि उसे केरमोंड के अस्थाई निलंबन की जानकारी है और उसकी चयन समिति बैठक करके टीम में उसकी स्थिति पर विचार करेगी।