मनोरंजन

श्रेया कालरा बनीं ‘लॉकअप 2’ की विजेता

मुंबई, 06 अगस्त (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। एकता कपूर के चर्चित रियलिटी शो ‘लॉकअप सीजन 2’ को अपना विजेता मिल गया है। 5 अगस्त को हुए ग्रैंड फिनाले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेया कालरा ने राम कपूर, शिल्पा शिंदे, शिवांगी जोशी और योगेश रावत जैसे मजबूत प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विजेता बनने के साथ ही श्रेया को ‘लॉकअप-चैंपियन’ की ट्रॉफी के अलावा 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी मिली। टीवी के कई चर्चित चेहरों को मात देकर हासिल की गई यह जीत उनके करियर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

14 जनवरी 1997 को इंदौर में जन्मीं श्रेया कालरा ने स्कूली शिक्षा के बाद कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने बी.कॉम की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च से एमबीए किया। वर्ष 2018 में उन्होंने टिकटॉक पर डांस, लिप-सिंक और फैशन से जुड़े वीडियो बनाकर पहचान बनाई। टिकटॉक पर प्रतिबंध लगने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपना सफर जारी रखा और वहां भी बड़ी संख्या में दर्शकों का समर्थन हासिल किया।

लाइफस्टाइल, फैशन और मनोरंजन से जुड़े कंटेंट के दम पर श्रेया सोशल मीडिया की लोकप्रिय क्रिएटर्स में शामिल हो चुकी हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। इसके अलावा, वह ‘डोंट स्पिल टू मचे’ नामक पॉडकास्ट भी होस्ट करती हैं। रितेश देशमुख और फराह खान द्वारा होस्ट किए गए ‘लॉकअप 2’ में उन्होंने एक इन्फ्लुएंसर के तौर पर एंट्री ली थी, लेकिन अपने खेल, रणनीति और दर्शकों के समर्थन के दम पर विजेता बनने में सफल रहीं। इस जीत के साथ श्रेया कालरा ने डिजिटल दुनिया से निकलकर मनोरंजन उद्योग में अपनी मजबूत मौजूदगी भी दर्ज करा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *