देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

सरकार का दावा- हर एक डिस्ट्रीब्यूटर के पास गैस पर्याप्त, प्रतिदिन बिक रहे 50 लाख सिलेंडर

नई दिल्ली, 07 अप्रैल (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। पश्चिम-एशिया सहित खाड़ी क्षेत्र में एक महीने से अधिक समय से जारी भीषण युद्ध के बीच भारत में कच्चे तेल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। 50 लाख सिलेंडर रोज बिक रहे हैं। इन सभी पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता बनी हुई है। जिसकी वजह से किसी भी उपभोक्ता (घरेलू, कमर्शियल) को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सिर्फ जरूरत के मुताबिक ही इन चीजों की खरीद पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए। यह जानकारी सोमवार को राजधानी में आयोजित की गई अंतर-मंत्रालई प्रेस वार्ता में केंद्रीय पेट्रोलियम-प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने दी है।
उन्होंने कहा कि आज युद्ध को करीब 35 दिन हो गए हैं। हमारी एलपीजी की जरूरत का एक बड़ा हिस्सा मध्य-पूर्व से आता है। इसलिए इस संबंध में प्रभाव पड़ा है। लेकिन केंद्र ने आम लोगों की परेशानी को कम से कम करने के लिए तमाम जरूरी कदम उठाए हैं। देश में एलपीजी की सप्लाई पर्याप्त है और अतिरिक्त कार्गो के लिए कवायद जारी है। वर्तमान में किसी भी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के यहां गैस की किसी तरह की कोई कमी नहीं है। हम लगभग 50 लाख सिलेंडर रोजाना दे रहे हैं। बीते पांच हफ्ते में लगभग 18 करोड़ घरों तक एलपीजी सिलेंडर पहुंचाया गया है। साथ ही हमारी ऑनलाइन बुकिंग रिकार्ड उच्च स्तर के साथ ही 97 फीसदी पर पहुंच गई है। डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड के जरिए 90 डिलीवरी की जा रही है।
42 लाख कमर्शियल सिलेंडर दिए हैं
सुजाता के मुताबिक, हमारे डिस्ट्रीब्यूटर रविवार के दिन भी काम कर रहे हैं। ताकि सभी आमजन को आराम से सिलेंडर की डिलीवरी की जा सके। कमर्शियल एलपीजी को लेकर सरकार ने आवंटन 70 फीसदी तक बढ़ाया है। क्योंकि युद्ध के चलते हमारी एलपीजी सप्लाई प्रभावित हुई थी। इसी वजह से केंद्र ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथिमकता दी और कमर्शियल उपभोक्ताओं को दी जाने वाली एलपीजी में कटौती की गई। बीते 3 हफ्तों में 79 हजार 900 टन कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं को बेची गई है। 19 किलो के लगभग 42 लाख सिलेंडर दिए गए हैं। 5 किलोग्राम के छोटे सिलेंडरों को लेकर भी कुछ खबरें मिली हैं। जिन्हें लेकर कदम उठाए हैं। मैं स्पष्ट कर दूं कि हमारे पास 5 किलोग्राम के सिलेंडर का भी पर्याप्त स्टॉक है। उपभोक्ता वेलिड आईडी प्रूफ के साथ किसी भी निकट डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर इसकी खरीद कर सकता है। अब उसे किसी भी एड्रेस प्रूफ की आवश्यकता नहीं होगी।
6 लाख से ज्यादा 5 किलो. के सिलेंडर बेचे
बीते 2 दिनों में 5 हजार 500 जागरुकता कैंप लगाए गए हैं। जिनमें आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गोवा, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तराखंड, यूपी, पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 6 हजार 700, 5 किलोग्राम के सिलेंडर बेचे गए हैं। इसके अलावा पिछले 14 दिन की बात करें तो इस दौरान 6 लाख 75 हजार से ज्यादा 5 किलोग्राम के सिलेंडरों की बिक्री हुई है। 5 किलो. के सिलेंडर की फरवरी महीने की औसत बिक्री लगभग 77 हजार सिलेंडर थी। यही बिक्री 4 अप्रैल को 90 हजार से अधिक थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *