दिल्ली के रोहिणी में खुले मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत
नई दिल्ली, 11 फरवरी (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय बैंक कर्मचारी की मौत के चार दिन बाद, रोहिणी के बेगमपुर इलाके में एक खुले मैनहोल में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मजदूर का शव मैनहोल से बरामद किया गया।
इसने कहा कि मंगलवार दोपहर 2.36 बजे एक लापता व्यक्ति के रोहिणी सेक्टर-32 में डीडीए की खाली जमीन पर सीवर में गिरने की आशंका के बारे में सूचना मिली।
इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘बेगमपुर थाने की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फोन करने वाले बिहार निवासी आमिर हुसैन ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त बिरजू कुमार राय (32) सोमवार से लापता है।’’
प्रारंभिक जांच के दौरान, एक अन्य मजदूर बुधन दास उर्फ सूरज (33) ने पुलिस को बताया कि उसने और बिरजू ने सोमवार रात शराब पी थी। उन्होंने कहा कि शाम करीब साढ़े सात बजे जब वे पास में स्थित अपनी झुग्गी में लौट रहे थे, तभी बिरजू का संतुलन बिगड़ गया और वह खुले मैनहोल में गिर गया।
पुलिस ने कहा कि दास ने रात में घटना के बारे में किसी को सूचित नहीं किया क्योंकि वह नशे में था। अधिकारी ने कहा, ‘मंगलवार दोपहर को होश में आने के बाद उसने आमिर हुसैन से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस नियंत्रण कक्ष को जानकारी दी गई।’
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद, पुलिस ने अग्निशमन विभाग, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और अन्य संबंधित एजेंसियों को सूचित किया और बचाव अभियान शुरू किया गया। बाद में अग्निशमन विभाग की सहायता से व्यक्ति का शव खुले मैनहोल से बरामद किया गया।
पुलिस ने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। अधिकारी ने कहा, ‘हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। मामले में जांच की जा रही है।’
मृतक के एक दोस्त सुनील कुमार ने कहा कि राय की तब मौत हो गई जब वह अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर लौट रहा था और खुले मैनहोल में गिर गया। उन्होंने कहा, उस समय उनके साथ एक व्यक्ति भी था और हो सकता है कि वह गलती से सीवर में फिसल गया हो।
कुमार ने कहा, ‘हमें उसकी एक चप्पल सीवर के अंदर मिली। जब हम उसे देखने के लिए करीब गए, तो हमें एहसास हुआ कि वह खुले मैनहोल में गिर गया होगा।’
उन्होंने कहा कि अगर सीवर को ठीक से ढका गया होता तो यह घटना नहीं होती।
इस घटना से पहले पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय बैंक कर्मचारी की मौत हो गई थी। जनकपुरी मामले में पुलिस ने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
