Friday, March 20, 2026
Latest:
राजनैतिकशिक्षा

अवैध हथियारों की मंडी बन रहे हैं पंजाब के सीमावर्ती जिले

-सुभाष आनंद-

-: ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस :-

पंजाब के सीमावर्ती जिलों में एक बार फिर पाकिस्तान की गुप्तचर एजेंसी आईएसआई वातावरण को खराब करने के लिए भरसक प्रयास कर रही है। पाकिस्तान से उडऩे वाले ड्रोन फिरोजपुर के सीमावर्ती क्षेत्र में लगातार अपनी उड़ाने भर रहे हैं, जहां वह तस्करों के द्वारा नशीले पदार्थो की खेप भी भेज रहे हैं। वही देखने में आया है कि हथियारों की सप्लाई भी की जा रही है। पिछले एक महीने में पंजाब पुलिस और सीमा सुरक्षा बलों द्वारा चलाए अभियान के अनुसार अधिकतर चीनी मेड पिस्तौलें बड़ी मात्रा में पकड़ी गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छोटे-मोटे अपराधियों के पास देसी कट्टे बड़े पैमाने पर फिरोजपुर पहुंच रहे हैं। अवैध हथियारों की बढ़ती सप्लाई पंजाब पुलिस के लिए बड़ा सिरदर्द बनती जा रही है और सीमावर्ती क्षेत्र अवैध हथियारों की मंडी बनता जा रहा है। अपराधियों और गैंगस्टरों के गुर्गो ने सीमावर्ती जिलों में अवैध शस्त्रों की बड़ी खेप जमा कर ली है। जिले की वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सौम्या मिश्रा ने माना है कि बेरोजगारी के कारण अपराध बढ़ते जा रहै हैं, शीघ्र अमीर बनने के सपने देखने वाले नौनिहाल अपराध करने से डरते नहीं है। फिरोजपुर में अवैध हथियारों के बल पर छीना झपटी, लूट, अपहरण एवं अन्य अपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। फिरोजपुर पुलिस ने जितने भी लूटपाट, हत्या और डकैती के मामले दर्ज किए सभी में अवैध हथियारों का प्रयोग किया गया है और यह अवैध शस्त्र पुलिस ने बरामद भी कर लिए हैं।
राज्य में अवैध हथियारों की तस्करी के लिए मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश से भी भारी मात्रा में खेपें पहुंच रही है। अवैध कट्टा और देसी हथियार यहां सस्ते में मिल जाते हैं, दूसरा यह अवैध हथियारों की सप्लाई घरों में हो रही है। मेरठ और कानपुर से तो अवैध हथियारों की सप्लाई घर घर में हो रही है। पिस्टल और कट्टा 2000 से लेकर 3000 में बड़ी आसानी से मिल जाता है। फिरोजपुर के अपराधी प्रवृत्ति के लोग कानपुर, मेरठ से अवैध हथियार मंगवाकर अपने-अपने गैंगों को मजबूत बना रहे हैं।
फिरोजपुर में पिछले दिनों पकड़े गए अवैध शस्त्रों की खेप से पता चलता है कि अपराधी लोग ऑर्डर देकर एडवांस पैसे जमा करवाकर आते हैं और दूसरी तरफ अवैध शस्त्र बनाने वाले होम डिलीवरी करते हैं, उसके लिए महिलाओं को भेजा जाता है और महिलाएं भी इन अवैध शस्त्रों की सप्लाई करती है, पुलिस को इन महिलाओं पर संदेह कम होता है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब में कई आतंकवादी संगठन सक्रिय है, जो अवैध शस्त्रों का उपयोग करते हैं। पंजाब सरकार के लिए यह एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
आम आदमी पार्टी के राज्य में चोर, लुटेरे और स्नैचरों की संख्या बढ़ रही है। इन सभी के पास अवैध शस्त्रों की काफी भरमार है। इसी कारण छोटे-मोटे झगड़ों तक में गोली चलने की नौबत आ रही है। अब स्कूलों कालेजों में भी छात्र हथियारों का प्रयोग करते दिखाई दे रहे हैं।
सूत्रों से पता चला है कि फिरोजपुर में जितने अवैध शस्त्र है उतने पुलिस के पास नहीं है। बड़े गैंगस्टरों के पास अति आधुनिक शस्त्रों की भरमार लगी हुई है। एक ही गिरोह से इतने हथियार पकड़े जाना चिंताजनक बात है, पुलिस के बड़े अधिकारी मानते हैं कि गिरोहों के पास अवैध हथियार हैं, इनका संज्ञान लिया जा रहा है, एंट्री प्वाइंट पर पहरा कड़ा कर दिया है, कारों, ट्रकों और बसों की चेकिंग बढ़ा दी जाएगी।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *