मनोरंजन

‘सिंघम अगेन’ के ट्रेलर लॉन्च में दीपिका के अंदाज पर मर मिटे रणवीर, दे डाली दनादन किस

मुंबई, 07 अक्टूबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। फिल्म ‘सिंघम अगेन’ का ट्रेलर आज सोमवार 7 अक्तूबर को मुंबई में एक भव्य इवेंट में लॉन्च हो गया है। यहां रणवीर सिंह भी पहुंचे हैं, वे भी इस फिल्म में नजर आने वाले हैं। उनके अलावा दीपिका पादुकोण भी इस फिल्म नजर आएंगी और पोस्टर पर उनकी तस्वीर प्रमुखता से छपी है। रणवीर जैसे ही इवेंट में पहुंचे दीपिका को योद्धा के रूप में देख खुशी से झूम उठे। उन्होंने अभिनेत्री के पोस्टर पर प्यार की बरसात कर डाली।

ट्रेलर लॉन्च इवेंट में रणवीर सिंह ने बड़े ही धांसू अंदाज में एंट्री ली। उनके मंच पर आते ही सीटियां और तालियां बजने लगीं। सिंबा-सिंबा की पुकार सुनाई देने लगी। रणवीर सिंह ने भी फैंस को निराश नहीं किया और सभी से खूब अच्छे से मिले। स्टेज पर लगे फिल्म के पोस्टर पर लगी दीपिका पादुकोण की तस्वीर देखकर रणवीर एकटक निहारने लगे और फिर पत्नी की तस्वीर को चूम लिया।

पहले चर्चा थी कि दीपिका पादुकोण भी ट्रेलर लॉन्च इवेंट का हिस्सा बनेंगी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि बेबी गर्ल के जन्म के बाद दीपिका पहली बार किसी सार्वजनिक इवेंट में हिस्सा लेंगी। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। ट्रेलर लॉन्च में रणवीर अकेले आए, लेकिन उन्होंने खूब रौनक बिखेरी। पिता बनने की खुशी उनके चेहरे पर साफ झलकी। दूसरी तरफ ‘सिंघम अगेन’ को लेकर भी वे खूब उत्साहित दिखे।

रणवीर सिंह ब्लैक कलर के आउटफिट में बेहद डैशिंग लगे। उनका बीयर्ड लुक और हेयरस्टाइल भी गजब ढाता नजर आया। उस पर उनका अंदाज सबसे जुदा। मंच पर दर्शकों का दिल जीतने के बाद रणवीर सिंह फोटोग्राफर्स से मिले और बड़ी गर्मजोशी से मुलाकात की। बात करें फिल्म ‘सिंघम अगेन’ की तो यह फिल्म इस साल दिवाली पर रिलीज होने जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *