Sunday, March 22, 2026
Latest:
व्यापार

शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे टूटकर 82.35 पर

मुंबई, 12 अक्टूबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और विदेशी कोषों की लगातार निकासी के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट के साथ 82.35 पर था। इसके अलावा निवेशकों के बीच जोखिम से बचने की भावना और एशियाई मुद्रा तथा उभरते बाजारों की मुद्राओं में कमजोरी से भी रुपया प्रभावित हुआ।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 82.32 पर खुला, और फिर गिरावट के साथ 82.35 पर पहुंच गया। इस तरह रुपया पिछले बंद भाव के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। शुरुआती सौदों में रुपया 82.28 प्रति डॉलर के स्तर तक गया था। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 19 पैसे चढ़कर 82.21 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इसबीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत बढ़कर 113.48 पर पहुंच गया। वैश्विक तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.67 प्रतिशत गिरकर 93.66 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,612.67 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *