देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

दिल्ली में न्यूनतम तापमान बढ़ा, 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

नई दिल्ली, 01 फरवरी (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। यहां का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान से तीन डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि रविवार सुबह दिल्ली में शीतलहर चली थी तथा न्यूनतम तापमान गिरकर 3.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। मैदानी इलाकों में ठंडी एवं शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से मंगलवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी यहां शीतलहर चली थी। मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान के चार डिग्री सेल्सियस से कम होने पर शीत लहर की घोषणा की जाती है। वहीं, जब तापमान दो डिग्री सेल्यिसय या उससे भी कम हो जाए तो भीषण शीत लहर घोषित की जाती है। विभाग ने बताया कि नए बन रहे पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अगले तीन दिन में न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विभाग ने बताया कि रविवार को जनवरी में सातवां दिन था, जब शीतलहर चली। 2008 के बाद से जनवरी के महीने में शीतलहर के दिनों की यह सर्वाधिक संख्या है। क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 2008 में जनवरी में 12 दिन शीतलहर चली थी। 2019 तथा 2020 में जनवरी में एक-एक दिन शीतलहर चली थी। जनवरी 2013 में छह दिन शीतलहर चली थी। नववर्ष के पहले दिन यहां का न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो बीते 15 वर्ष में सबसे कम था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *