खेल

बड़े मैच में फिर फ्लॉप हुए अभिषेक शर्मा, फैंस का फूटा गुस्सा

मुंबई, 06 मार्च (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। अभिषेक शर्मा का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। सेमीफाइनल में वो इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा फूट रहा है।

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस हारने के बाद भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला। बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज दिखाते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हालांकि इस मुकाबले में टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह एक बार फिर निराश करते हुए जल्दी पवेलियन लौट गए।

बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में गंवाया विकेट

इंग्लैंड के खिलाफ अहम सेमीफाइनल मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने शुरुआत तो आत्मविश्वास के साथ की, लेकिन वह अपनी पारी को लंबा नहीं खींच सके। पारी के दूसरे ओवर में विल जैक्स की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में उन्होंने अपना विकेट गंवा दिया। अभिषेक ने 7 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 9 रन बनाए।

इस टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। अभिषेक के बल्ले से अब तक सिर्फ एक अर्धशतक देखने को मिला है, जो सुपर-8 के मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ आया था। इसके अलावा वह लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हुए थे। बाकी मुकाबलों में भी वह 10 और 15 रन ही बना सके थे। ऐसे में उनके प्रदर्शन को लेकर फैंस के बीच निराशा देखने को मिल रही है। सेमीफाइनल में भी जल्दी आउट होने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने उन्हें लेकर कई मजेदार मीम्स साझा किए।

सैमसन और दुबे ने संभाली टीम की पारी

हालांकि अभिषेक शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद भारतीय टीम की बल्लेबाजी को संजू सैमसन और शिवम दुबे ने शानदार तरीके से संभाला। संजू सैमसन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें कई शानदार चौके और छक्के देखने को मिले। वहीं नंबर चार पर बल्लेबाजी करने उतरे शिवम दुबे ने भी तेज अंदाज में रन बनाए और 25 गेंदों में 43 रन की उपयोगी पारी खेली। इसके अलावा ईशान किशन ने 39 रन, हार्दिक पांड्या ने 27 रन और तिलक वर्मा ने 21 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत भारतीय टीम इंग्लैंड के सामने 253 रन का बड़ा लक्ष्य रखने में सफल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *