बेटे के साथ दिल छू लेने वाली तस्वीरें शेयर की विक्रांत ने
मुंबई, 10 जून (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। सोशल मीडिया पर अभिनेता विक्रांत मैसी ने अपने बेटे के साथ दो दिल छू लेने वाली तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह एक कैफे में बैठे नजर आ रहे हैं। अभिनेता अपने बेटे वर्धन के साथ इटली के नेपल्स शहर में छुट्टियां मना रहे हैं। तस्वीरों में वर्धन उनकी गोद में नजर आ रहे हैं।
उन्होंने पोल्का डॉट्स वाली बड़ी सी सनहैट पहन रखी है, जो उन्हें बेहद प्यारा लुक दे रही है। वहीं, दूसरी तस्वीर में विक्रांत अपने बेटे को प्यार से निहारते हुए मुस्कुरा रहे हैं। उन्होंने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “बस थोड़ी मस्ती, थोड़ी शरारत।” इस पोस्ट पर प्रशंसकों के साथ-साथ फिल्म जगत के कई सितारों ने भी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता अपारशक्ति खुराना, पुलकित सम्राट और विनीत कुमार सिंह समेत कई अन्य सेलेब्स ने इस प्यारी पोस्ट पर दिल वाले इमोजी शेयर कर अपने भाव जताए। विक्रांत और शीतल की यह पारिवारिक झलक सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही है। गौरतलब है कि विक्रांत मैसी ने साल 2022 में अपनी लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड शीतल ठाकुर से शादी की थी। इस साल फरवरी में उन्होंने अपने बेटे के जन्म की जानकारी देते हुए बताया था कि उन्होंने अपने बेटे का नाम ‘वर्धन’ रखा है। उनके इस पोस्ट को भी काफी प्यार मिला था।
वर्कफ्रंट की बात करें तो विक्रांत की अगली फिल्म ‘आंखों की ग़ुस्ताखियां’ 11 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म रस्किन बांड की मशहूर कहानी ‘द आइज हैव इट’ पर आधारित है और इसमें शनाया कपूर अपने अभिनय करियर की शुरुआत कर रही हैं। फिल्म का निर्देशन संतोष सिंह ने किया है और इसे जी स्टूडियोज तथा मिनी फिल्म्स ने मिलकर प्रस्तुत किया है। इसके अलावा विक्रांत सिद्धार्थ आनंद की फिल्म ‘व्हाइट’ में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर की भूमिका निभाते नजर आएंगे।