देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर जताया शोक

नई दिल्ली, 27 दिसंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया।

श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर शोक संदेश में कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से भारत ने एक दूरदर्शी राजनेता, एक बेदाग निष्ठावान नेता और एक अद्वितीय कद के अर्थशास्त्री को खो दिया है, जिनकी नीतियों और विचारधारा ने भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दिलाई। डॉ. मनमोहन सिंह को एक ईमानदार और उच्चकोटि के अर्थशास्त्री के रूप में याद किया जाएगा, जिनकी आर्थिक उदारीकरण की नीति ने भारत को नए आर्थिक युग में प्रवेश कराया और करोड़ों भारतीयों की जिंदगी को बदल दिया।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “मैं एक आजीवन वरिष्ठ सहयोगी, एक सौम्य बुद्धिजीवी और एक विनम्र आत्मा के बिछुडने पर शोक व्यक्त करता हूं, जिन्होंने भारत की आकांक्षाओं को मूर्त रूप दिया। मुझे श्रम मंत्री, रेल मंत्री और समाज कल्याण मंत्री के रूप में उनके मंत्रिमंडल का हिस्सा होने पर गर्व है।”

श्री खरगे ने लिखा, “मुझे गर्व है कि मुझे उनके कैबिनेट का हिस्सा बनने का अवसर मिला। श्रम मंत्री, रेलवे मंत्री और सामाजिक कल्याण मंत्री के रूप में मैंने उनके साथ काम किया। डॉ. सिंह शब्दों से ज्यादा काम में विश्वास रखते थे। उनका योगदान भारतीय राष्ट्र निर्माण में स्थायी रूप से दर्ज रहेगा और भारतीय इतिहास में हमेशा उनकी भूमिका को सम्मान के साथ याद किया जाएगा। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत समर्थकों के प्रति अपनी गहरी और हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। भगवान से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपूरणीय नुकसान को सहन करने की शक्ति मिले।”

उन्होंने कहा कि भारत के विकास, कल्याण और समावेशिता की नीतियों को आगे बढ़ाने की पूर्व प्रधानमंत्री सिंह की विरासत को हमेशा संजोकर रखा जाएगा। उनकी आत्मा को शांति मिले।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *