देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने झारखंड के मुख्यमंत्री की ‘‘गिद्ध’’ संबंधी टिप्पणी की निंदा की

रांची, 23 सितंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ‘‘गिद्ध’’ संबंधी टिप्पणी को लेकर सोमवार को उनकी आलोचना की और कहा कि लोग राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें करारा जवाब देंगे।

सोरेन ने हाल ही में गढ़वा जिले में एक सार्वजनिक संबोधन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से राज्य में संचालित ‘परिवर्तन यात्राओं’ का स्पष्ट संदर्भ देते हुए कहा था कि अब अन्य राज्यों के नेता ‘‘गिद्धों की तरह मंडराते’’ नजर आएंगे।

राज्य में विधानसभा चुनाव इस वर्ष के अंत में प्रस्तावित हैं।

लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के अध्यक्ष पासवान ने कहा, ‘‘जनता मुख्यमंत्री की ऐसी भाषा का जवाब देगी। आगामी चुनाव में जनता का फैसला सब कुछ स्पष्ट कर देगा।’’

पासवान चुनाव से पहले राज्य में पार्टी का आधार मजबूत करने के प्रयास के तहत सोमवार को लातेहार और पलामू जिलों में दो सार्वजनिक रैलियों को संबोधित करने झारखंड पहुंचे हैं।

पासवान ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड में उनके कई कार्यक्रम हैं।

रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पत्रकारों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, ‘‘ पार्टी के गठबंधन में या अकेले चुनाव लड़ने का निर्णय राज्य इकाई लेगी।’’

तिरुपति मंदिर में प्रसाद के लड्डुओं में पशु की चर्बी के कथित इस्तेमाल पर उन्होंने कहा कि यह घटना चिंताजनक होने के साथ-साथ निंदनीय भी है।

उन्होंने कहा, ‘‘इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं फिर न हों।’’

पासवान ने साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से आज विदेशों में भारत का कद बढ़ा है।

उन्होंने कहा, ‘‘ अब दुनिया भारत की बातों पर गौर करती है।’’

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *