देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों की दर 2.03 फीसदी

नई दिल्ली, 14 जनवरी (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। देश में कोरोना संक्रमण की नित धीमी पड़ती रफ्तार के बीच इस बीमारी से स्वस्थ होने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से सक्रिय मामलों की दर घटकर 2.03 फीसदी रह गयी है वहीं संक्रमण से होने वाली मौतों की दैनिक संख्या फिर 200 से नीचे आ गयी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 16,946 नये मामले सामने आये जिसे मिलाकर संक्रमितों की संख्या एक करोड़ पांच लाख 12 हजार से अधिक हो गयी है। इसी दौरान 17,652 मरीज स्वस्थ हुए जिसके साथ कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ एक लाख 46 हजार 763 हो गयी और रिकवरी दर बढ़कर 96.52 प्रतिशत हो गयी। सक्रिय मामले 904 कम होकर 2.13 लाख रह गये हैं। इसी अवधि में 198 मरीजों की मौत हो गयी और मृतकों का आंकड़ा एक लाख 51 हजार 727 हो गया है। मृत्यु दर अभी 1.44 फीसदी है।

केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 820 सक्रिय मामले बढ़े और इनकी संख्या 65,559 हो गयी है। वहीं सबसे ज्यादा 5158 मरीज स्वस्थ भी हुए जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 7.56 लाख से अधिक हो गयी है जबकि 26 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 3373 हो गया है। सक्रिय मामलों में केरल अभी पहले स्थान पर है।

महाराष्ट्र में भी सक्रिय मामले 477 बढ़े हैं और इनकी संख्या 53,544 हो गयी है। राज्य में कोरोनामुक्त होने वालों का आंकड़ा 18.74 लाख हो गया है वहीं 70 और मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 50,221 हो गयी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सक्रिय मामलों में निरंतर कमी आ रही है और अब इनकी संख्या 2991 रह गयी है। वहीं 11 और मरीजों की मौत हुई है जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 10,718 हो गयी है। दिल्ली में 6.17 लाख से ज्यादा मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं।

दक्षिणी राज्य कर्नाटक में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 8906 रह गयी है। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 12,152 हो गया है तथा अब तक 9.08 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। आंध्र प्रदेश में सक्रिय मामले 2382 रह गये हैं। वहीं 7134 लोगों की जानें जा चुकी है और 8.75 लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं। आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले 428 कम होकर 10,132 रह गये। इस महामारी से 8529 लोगों की मौत हो चुकी है तथा अब तक 5.75 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं।

तमिलनाडु में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 6653 रह गयी है तथा अभी तक 12,242 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 8.09 लाख से अधिक मरीज संक्रमणमुक्त हुए हैं। ओडिशा में सक्रिय मामले 39 बढ़कर 2024 हो गये हैं , वहीं 3.28 लाख लोग इस संक्रमण से निजात पा चुके हैं जबकि मृतकों की संख्या 1895 हो गयी है। तेलंगाना में सक्रिय मामले 37 बढ़कर 4495 रह गये हैं और 1572 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2.84 लाख से अधिक लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।

पश्चिम बंगाल में कोरोना के सक्रिय मामले 89 कम होकर 7303 रह गये हैं और 9993 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 5.45 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हुए हैं। पंजाब में सक्रिय मामले 29 बढ़कर 2817 हो गये हैं तथा संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 1.61 लाख से अधिक हो गई है जबकि 5463 मरीजों की जान जा चुकी है। मध्य प्रदेश में सक्रिय मामले 205 कम हुए हैं और इनकी संख्या 7294 रह गयी है तथा अब तक 2.38 लाख से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3732 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में सक्रिय मामले 269 घटकर 7791 रह गये हैं। राज्य में 2.80 लाख लोग कोरोनामुक्त हो चुके हैं वहीं 10 और मरीजों की मौत होने के साथ मृतकों की संख्या 3527 हो गयी है।

गुजरात में सक्रिय मामले 7226 रह गये हैं तथा 4354 लोगों की मौत हुई है और 2.42 लाख से अधिक लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। बिहार में सक्रिय मामले 119 घटकर 4115 रह गये हैं। राज्य में कोरोना से 1445 लोगों की मौत हुई है जबकि 2.51 लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। कोरोना महामारी से अब तक हरियाणा में 2966, राजस्थान में 2742, जम्मू-कश्मीर में 1912, उत्तराखंड में 1593, असम में 1065, झारखंड में 1048, हिमाचल प्रदेश में 963, गोवा में 750, पुड्डुचेरी में 639, त्रिपुरा में 389, मणिपुर में 365, चंडीगढ़ में 329, मेघालय में 144, सिक्किम में 129, लद्दाख में 128, नागालैंड में 86, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 62, अरुणाचल प्रदेश में 56, मिजोरम में नौ तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *