Wednesday, March 18, 2026
Latest:
खेल

महाराष्ट्र नौ स्वर्ण के साथ सबसे आगे, हरियाणा छह स्वर्ण के साथ दूसरे नंबर पर

पंचकुला, 06 जून (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। गत दो बार के चैंपियन महाराष्ट्र ने नौ स्वर्ण पदक के साथ खेलों इंडिया यूथ गेम्स के चौथे संस्करण में रविवार को पदक तालिका में बढ़त बना ली जबकि मेजबान हरियाणा छह स्वर्ण के साथ दूसरे स्थान पर है। मणिपुर चार स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर है। हरियाणा ने कुश्ती में पांच स्वर्ण और साइक्लिंग में एक स्वर्ण जीता। हरियाणा ने सबसे अधिक कुल पदक 23 जीत लिए है जबकि महाराष्ट्र के 17 पदक है जिसमें नौ स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। महाराष्ट्र ने भारोत्तोलन में चार में से तीन, योग में तीन और एक स्वर्ण साइक्लिंग में जीता। मणिपुर थांग ता में चार स्वर्ण जीतकर पदक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया। भारोत्तोलन में दो नए युवा राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बने।

कुश्ती का पावरहाउस कहे जाने वाले हरियाणा ने चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में कुश्ती मुकाबलों में अपनी धाक जमाते हुए सभी पांच स्वर्ण पदक जीत लिए। हरियाणा के साहिल जागलान ने पुरुष फ्री स्टाइल 92 किग्रा में स्वर्ण जीता जबकि रोनित शर्मा ने ग्रीको रोमन शैली 51 किग्रा में और अंकित ने 60 किग्रा में स्वर्ण जीता। महिला वर्ग में हरियाणा की तन्नू ने 46 किग्रा और ज्योति ने 57 किग्रा में स्वर्ण जीते। खेलो इंडिया की साइक्लिंग प्रतियोगिता में मेज़बान राज्य हरियाणा ने पहला स्वर्ण पदक हासिल कर लिया है। दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में रविवार को हुई प्रतियोगिता में हरियाणा की वृंदा यादव ने पहला स्वर्ण जीता। नीरत कुमार ने एक किलोमीटर साइक्लिंग प्रतियोगिता में, जबकि ममता ने 500 मीटर माउंटेन साइक्लिंग में कांस्य पदक हासिल किया।

थांग-ता में हरियाणा के आर्यन ने 56 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक और अंकित ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। ममता ने लड़कियों की टीम से 52 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक भी जीता। योगासन में हरियाणा के दीपांशु ने रजत अपने नाम किया, जबकि आर्टिस्टिक बॉयज डबल्स में सागर रंगा व जीतू ने सिल्वर मेडल जीते। इसी तरह गर्ल्स कबड्डी में राजस्थान ने पंजाब को 31-23 अंकों से मात दी। लड़कियों की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में तमिलनाडु ने केरल को 25-23, 25-22, 25-15 और 25-21 अंकों से हराया। इसी तरह लड़कों के वॉलीबॉल में गुजरात ने छत्तीसगढ़ को लगातार दो घंटे चले मुकाबले में 25-18, 25-22, 25-21 से मात दी। लड़कों की गतका प्रतियोगिता में, पंजाब ने दिल्ली को 54-29 पॉइंट से, जबकि आंध्र प्रदेश ने महाराष्ट्र को 57-53 पॉइंट से मात दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *