देश दुनिया

बारिश से प्रभावित हुई मुंबई, एनडीआरएफ ने 1300 लोगों को बचाया

मुंबई, 04 सितंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश से बुधवार को पूरे कोंकण क्षेत्र के साथ ही कई क्षेत्रों में जलजमाव की सूचना मिली है। इसके साथ ही अधिकारियों ने लोगों से घर में रहने की ही सलाह दी है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) द्वारा कुर्ला के बेल बाजार से करीब 1,300 लोगों को निकाला गया, जहां पास की मीठी नदी के कारण बाढ़ का पानी चार-पांच फीट तक पहुंच गया था।

भारतीय मौसम विभाग की मुंबई इकाई ने कहा, मंगलवार रात से शुरू हुई भारी बारिश ने बुधवार सुबह मुंबई की तेज रफ्तार को धीमा कर दिया और दोपहर तक शहर में 30.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं सांताक्रूज में 121.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

बीएमसी आपदा नियंत्रण ने कहा कि एहतियात के तौर पर बृहनमुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने शहर के सभी स्कूलों (निजी व सरकारी) को एक दिन के लिए बंद रखने का आदेश दिया है। सियोन, वडाला, दादर, परेल, किंग्स सर्कल, माटूंगा, चूनाभट्टी और उपनगर अंधेरी, जोगेश्वरी, सांताक्रूज, मलाड, बोरीवली, मुलुंड, भांडुप, कांजुरमार, विखरोली, कुर्ला और आसपास के निचले क्षेत्रों में एक से तीन फीट तक पानी भर गया है।

जलमग्न हुई मुख्य सड़कों में पूर्वी उपनगर में लाल बहादुर शास्त्री मार्ग और पश्चिमी उपनगरों में स्वामी विवेकानंद रोड, जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड, सांताक्रूज-चेम्बूर लिंक रोड और अन्य सड़कें शामिल थे। शहर और उपनगरों में कई गणेश पंडालों में पानी भरने को लेकर बृहनमुंबई सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति के अध्यक्ष नरेश दहिबावकर ने एहतियात बरतने की अपील की है।

रेलवे ट्रैक पर तीन फीट से अधिक पानी भरने के कारण पश्चिमी रेलवे ने उपनगरीय और वसाई-विरार सेक्टर (पालघर) की लंबी दूरी वाले सेवाओं को रद्द कर दिया है। पश्चिमी रेलवे के एक कर्मचारी ने कहा, वसाई-चर्चगेट सेक्टर में देरी के साथ सेवाएं चालू हैं।

एक सीआर अधिकारी ने कहा कि इसके अलवा सेंट्रल रेलवे (सीआर) सेवाएं औसतन 25-30 मिनट की देरी के साथ चालू हैं, लेकिन दोपहर तक सीआर ने ठाणे और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) के बीच सभी सेवाओं को निलंबित कर दिया था, क्योंकि सायन-बांद्रा के बीच पटरियों पर जलभराव हो गया था।

वहीं मुंबई हवाईअड्डे पर भी औसतन 15 मिनट की देरी के साथ उड़ानें सामान्य तौर पर जारी हैं। आईएमडी ने आगामी 2-3 दिनों तक मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *