देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

विपक्ष को घर बैठने और भाजपा को काम करने का जनसंदेश: नड्डा

लखनऊ, 16 जुलाई (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हाल ही सम्पन्न पंचायत चुनाव में जनता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के प्रति भरोसा जताते हुये भाजपा को भारी जीत दिलाकर पार्टी कार्यकर्ताओं को काम और विपक्ष को घर बैठने का संदेश दिया है।
श्री नड्डा ने शुक्रवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का वर्चुअल ढंग से उदघाटन करने के बाद कहा कि राजनीति को समझना हो तो नुकसान का अंदाज लगाना जरूरी है क्योंकि इससे फायदे की परिभाषा नहीं पता लगती। अंधकार के बिना उजाले की कीमत नहीं पता चलती। इसका साक्षात उदाहरण उत्तर प्रदेश है जहां कुछ साल पहले जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति का बोलबाला था। राम,कृष्ण की जन्मभूमि वाला पावन प्रदेश भाई भतीजा वाद का अड्डा बना था मगर चार साल पहले योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के अस्तित्व में आने के बाद आज उत्तर प्रदेश का देश दुनिया में विकास को लेकर डंका बज रहा है। इसके लिये सरकार और भाजपा के कोटि कोटि कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।
उन्होने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी दल को 75 में से 67 सीट और बाद में ब्लाक प्रमुख की 825 से 648 सीटें झोली में डाल कर प्रदेश की जनता ने सपा और बसपा समेत तमाम विपक्षी दलों को नकारने का साफ संदेश दिया है। जनता ने विपक्ष को घर बैठने और भाजपा को काम करने का संदेश दिया है। कार्यकर्ताओं को यह अहम जिम्मेदारी समझनी होगी और इसे पूरी शिद्दत और ताकत से निभाना होगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान विश्वनाथ, राम जन्मभूमि और कृष्ण जन्मभूमि को याद किये बिना उत्तर प्रदेश का जिक्र नहीं किया जा सकता। उत्तर प्रदेश की पावन धरती में महर्षि बाल्मीक, तुलसीदास ने जन्म लिया। विंध्याचल और देश की सांस्कृतिक राजधानी के तौर पर विख्यात काशी में विविधता में एकता की झलक मिलती है। सारनाथ में बुद्ध के प्रवचन याद आते हैं। धार्मिक और सांस्कृतिक विधा यूपी की विरासत है जिससे पूरी दुनिया को प्रेरणा मिलती है। राजनैतिक दृष्टि से भी यूपी विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काशी का प्रतिनिधित्व करते है। इस प्रदेश ने देश की राजनीति को परिवर्तित किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नेतृत्व क्षमता का लोहा पूरी दुनिया ने माना है, वह पूरी ताकत से यूपी के विकास में जुटे है।
उन्होने कहा कि पिछले एक साल में वैश्विक महामारी कोरोना की चर्चा पूरे विश्व में हुयी है। इससे पहले हमे इस बीमारी का पता भी नहीं था मगर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कुशल रणनीति ने देश को इस जानलेवा बीमारी के कहर से बचाया है। यह वह तथ्यों के आधार पर कह रहे हैं। ब्रिटेन,अमेरिका,यूरोप जैसे शक्तिशाली देश जहां स्वास्थ्य सुविधा से लैस थे मगर कोरोना की पहली लहर में वे असहाय दिख रहे थे। 32 करोड़ की जनसंख्या वाला देश अमेरिका में कोरोना की पहली लहर से कांप उठा था। यही हाल स्पेन,इटली,जर्मनी जैसे विकसित देशों का था मगर श्री मोदी ने लाकडाउन लगाकर देश में स्वास्थ्य संसाधनों के विकास के जरिये मजबूती प्रदान कर कोरोना से लड़ने में सक्षम बनाया। आबादी के अनुपात में इन देशों के मुकाबले बहुत कम मौते देश में हुयी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *