देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

आईआईटी मद्रास परिसर में परियोजना कर्मी का जला हुआ शव मिला

चेन्नई, 02 जुलाई (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। भारतीय प्रौद्योगिक संस्थान (आईआईटी) मद्रास के एक परियोजना कर्मी का जला हुआ शव बृहस्पतिवार की रात को परिसर में पाया गया। पुलिस और प्रबंधन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान केरल के एर्नाकुलम निवासी उन्नी कृष्णन के रूप में की गयी है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात को संस्थान के हॉकी स्टेडियम से जला हुआ शव बरामद किया। कुछ हॉकी खिलाड़ियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘ यह आत्महत्या का मामला लगताा है। बहरहाल, पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया है।’’

आईआईटी प्रबंधन ने कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और संस्थान अधिकारियों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रहा है। उसने एक बयान में कहा, ‘‘आईआईटी मद्रास में एक अस्थायी परियोजना कर्मी से जुड़ी कल एक दुखद और त्रासद घटना हुई। जिस परियोजना कर्मी का शव पाया गया है उसकी भर्ती अप्रैल 2021 में हुई थी और वह कैम्पस के बाहर रह रहा था।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘हम स्तब्ध और दुखी हैं तथा दिवंगत आत्मा के परिवार, मित्रों और सहकर्मियों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।’’

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *