खेल

फीफा वर्ल्ड कप 2026: सोफी स्टेडियम के कर्मचारियों की चेतावनी, मांगें न मानी गईं तो हड़ताल संभव

लॉस एंजेलिस, 07 अप्रैल (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 से पहले लॉस एंजेलिस स्थित सोफी स्टेडियम में काम करने वाले करीब 2,000 फूड सर्विस कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले यूनियन ने बड़ा कदम उठाया है। यूनियन ने मांग की है कि टूर्नामेंट के दौरान अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (आईसीई) को वर्ल्ड कप संचालन से दूर रखा जाए, अन्यथा कर्मचारी हड़ताल पर जा सकते हैं।

यूनाइट हियर लोकल 11, जो इस स्टेडियम में कुक, सर्वर और बारटेंडर का प्रतिनिधित्व करता है, ने सोमवार को कहा कि वर्ल्ड कप नजदीक आने के बावजूद कर्मचारियों के पास अब तक कोई श्रम अनुबंध नहीं है।

यूनियन ने फीफा और स्टेडियम के मालिक क्रोंके स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट के सामने तीन प्रमुख मांगं् रखी हैं। इनमें आईसीई और बॉर्डर पेट्रोल की किसी भी भूमिका को लेकर सार्वजनिक आश्वासन, यूनियन कर्मचारियों की नौकरी और कार्य परिस्थितियों की सुरक्षा, तथा हॉस्पिटैलिटी कर्मचारियों के लिए किफायती आवास का समर्थन शामिल है।

अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के कार्यवाहक निदेशक टॉड लायंस ने हाल ही में कहा था कि वर्ल्ड कप में आईसीई “महत्वपूर्ण भूमिका” निभाएगा। इस बयान पर यूनियन ने चिंता जताते हुए कहा कि इससे लॉस एंजेलिस में कामगारों और दर्शकों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

इस मुद्दे पर फीफा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, जबकि सोफी स्टेडियम प्रबंधन ने भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

यूनियन ने यह भी मांग की है कि टूर्नामेंट के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ऑटोमेशन का उपयोग कर कर्मचारियों की नौकरियां समाप्त न की जाएं।

इसके अलावा यूनियन ने लॉस एंजेलिस, विशेषकर इंग्लवुड क्षेत्र में बढ़ती आवास लागत को लेकर भी चिंता जताई है और वर्कफोर्स हाउसिंग फंड, शॉर्ट-टर्म रेंटल पर नियंत्रण तथा किफायती आवास और प्रवासी परिवारों की सुरक्षा के लिए कर उपायों की मांग की है।

यूनियन के सह-अध्यक्ष कर्ट पीटरसन ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि फीफा और उसके कॉर्पोरेट प्रायोजक इस आयोजन से अरबों डॉलर कमाएंगे, लेकिन आयोजन को सफल बनाने वाले कर्मचारियों की अनदेखी कर रहे हैं।

यूनियन का कहना है कि लॉस एंजेलिस को मेजबान शहर चुने जाने के बाद से वह फीफा से कई बार बैठक की मांग कर चुका है, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई।

गौरतलब है कि लॉस एंजेलिस में सोफी स्टेडियम पर वर्ल्ड कप के आठ मैच खेले जाने हैं, जिनमें पहला मुकाबला 12 जून को अमेरिका और पैराग्वे के बीच होगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *