आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार तीसरी हार से फैंस निराश
-18 करोड़ के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का खराब फॉर्म बना फांस, कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों मोर्चों पर हुए पस्त
चेन्नई, 07 अप्रैल (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। आईपीएल 2026 में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का प्रदर्शन अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। सीजन के शुरुआती तीनों मुकाबलों में करारी शिकस्त झेलने के बाद टीम प्रबंधन और प्रशंसकों की चिंताएं बढ़ गई हैं। इस शर्मनाक प्रदर्शन के लिए युवा खिलाड़ियों के बजाय सबसे ज्यादा सवाल 18 करोड़ रुपये में रिटेन किए गए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर उठ रहे हैं। गायकवाड़ न केवल बल्ले से रन बनाने में नाकाम रहे हैं, बल्कि मैदान पर उनकी कप्तानी और रणनीतियों में भी वह धार नजर नहीं आ रही है, जिसके लिए सीएसके जानी जाती है। लगातार तीन हार ने टीम के प्लेऑफ की राह को अभी से मुश्किल बना दिया है।
अगर मौजूदा सीजन के आंकड़ों पर नजर डालें, तो ऋतुराज गायकवाड़ का बल्ला पूरी तरह खामोश नजर आता है। तीन मैचों में उन्होंने महज 13.66 की औसत से कुल 41 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर केवल 28 रन रहा है। एक सलामी बल्लेबाज और कप्तान के तौर पर ऐसी शुरुआत टीम को दबाव में डाल रही है। गौरतलब है कि आईपीएल 2025 में भी गायकवाड़ चोट के कारण आधे सीजन से बाहर हो गए थे और तब भी उनका औसत मात्र 24.40 का रहा था। लगातार दो सीजन से जारी उनका यह संघर्ष अब चेन्नई की जीत के रास्ते में सबसे बड़ा रोड़ा साबित हो रहा है, जिससे टीम को मजबूत शुरुआत नहीं मिल पा रही है।
राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हारने के बाद अब चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में काफी नीचे खिसक गई है। टीम के लिए अब हर मैच ‘करो या मरो’ जैसा हो गया है। मध्यक्रम में प्रशांत वीर या कार्तिक शर्मा जैसे खिलाड़ियों पर हार का ठीकरा फोड़ने के बजाय जानकारों का मानना है कि सीनियर खिलाड़ियों को जिम्मेदारी लेनी होगी। सीएसके के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती अपनी रणनीति को फिर से तैयार करना और मानसिक रूप से मजबूत होकर मैदान पर उतरना है। अब सभी की नजरें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले पर टिकी हैं, जहां कप्तान गायकवाड़ को खुद आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व करना होगा।
