Tuesday, March 17, 2026
Latest:
मनोरंजन

मलाइका ने नया लाइफस्टाइल एक्सेसरी ब्रांड ‘मेजॉय’ किया लॉन्च

मुंबई, 17 मार्च (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। फैशन की दुनिया में एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोरा ने अपना नया लाइफस्टाइल एक्सेसरी ब्रांड ‘मेजॉय’ लॉन्च किया है। ‘मेजॉय’ की शुरुआत एक बड़े और आकर्षक कलेक्शन के साथ की गई है, जिसमें 250 से ज्यादा अलग-अलग डिजाइन शामिल हैं। इस ब्रांड को उन्होंने एक्सीड इंटरनेशनल और मंत्रा जाबांग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ मिलकर तैयार किया है। इस कलेक्शन में खास तौर पर हैंडबैग और लैब-ग्रोन डायमंड ज्वेलरी को प्रमुखता दी गई है। ब्रांड के पहले कलेक्शन में हैंडबैग के कई स्टाइल पेश किए गए हैं, जिनमें क्रॉसबॉडी बैग, स्ट्रक्चर्ड शोल्डर बैग, बकेट बैग, टोट बैग, ऑफिस के लिए क्लासिक बैग, बैकपैक और क्लच जैसे विकल्प शामिल हैं। इन बैग्स को सिंथेटिक लेदर, ब्रेडेड डिजाइन, साटन, राइनस्टोन और मेटैलिक फिनिश जैसे अलग-अलग मटेरियल से तैयार किया गया है। हर डिजाइन को इस तरह बनाया गया है कि वह फैशनेबल होने के साथ-साथ रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए भी सुविधाजनक रहे।
हैंडबैग के अलावा ब्रांड में लैब-ग्रोन डायमंड ज्वेलरी का भी खास कलेक्शन पेश किया गया है। इसमें रिंग, ईयररिंग, पेंडेंट, ब्रेसलेट और टेनिस ब्रेसलेट जैसे कई आकर्षक डिजाइन शामिल किए गए हैं। इन ज्वेलरी पीस को सिल्वर, गोल्ड और रोज-गोल्ड टोन में तैयार किया गया है। ज्वेलरी का बेस 925 स्टर्लिंग सिल्वर से बनाया गया है, जिससे इसकी गुणवत्ता और मजबूती सुनिश्चित होती है। साथ ही इन ज्वेलरी में इस्तेमाल किए गए डायमंड को अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं इंटरनेशनल गेमोलॉजीकल इंस्टीटयूट और गेमोलॉजिकल सर्टिफिकेशन इंस्टीटयूट से प्रमाणित किया गया है। ‘मेजॉय’ केवल एक फैशन ब्रांड नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक खास विचार भी जुड़ा हुआ है। ब्रांड का मुख्य संदेश ‘द जॉय ऑफ बीइंग मी’ है, जिसका अर्थ है अपने असली रूप में खुश रहना और आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान को स्वीकार करना। यह ब्रांड तीन प्रमुख सिद्धांतों असलीपन, आत्मविश्वास और आसानी से उपलब्ध होने पर आधारित है। इसके तहत ऐसे डिजाइन पेश करने की कोशिश की गई है जो स्टाइलिश और आधुनिक होने के साथ-साथ आम लोगों की पहुंच में भी हों।
ब्रांड के लॉन्च के अवसर पर मलाइका अरोड़ा ने कहा कि ‘मेजॉय’ उनका एक पुराना सपना रहा है। उन्होंने बताया कि अपने करियर के दौरान वह हमेशा मानती रही हैं कि फैशन लोगों को आत्मविश्वास देता है और उन्हें सहज महसूस कराता है। उनके मुताबिक यह ब्रांड हर महिला को अपनी पहचान पर गर्व करने और अपने स्टाइल को खुलकर व्यक्त करने के लिए प्रेरित करता है। इस मौके पर एमजेआईपीएल के हाउस ऑफ ब्रांड्स के प्रमुख सुमन साहा ने कहा कि यह ब्रांड मलाइका अरोड़ा के आधुनिक फैशन सेंस को ग्राहकों तक पहुंचाने की एक शानदार पहल है। वहीं एक्सिड इंटरटेनमेंट के सीईओ अफसर जैदी ने कहा कि किसी सेलिब्रिटी के साथ मिलकर ब्रांड तैयार करना जिम्मेदारी भरा काम होता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *