देश दुनियानई दिल्ली न्यूज़

जनकपुरी गड्ढा हादसा: 25 वर्षीय युवक की मौत, दिहाड़ी मज़दूर की गिरफ्तारी पर उठे सवाल

नई दिल्ली | ( आकाश शक्य) जनकपुरी इलाके में सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बाइक गिरने से 25 वर्षीय कमल की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने गड्ढे के पास तिरपाल में रहने वाले दिहाड़ी मज़दूर योगेश को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य ज़िम्मेदारों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
क्या है मामला
डीसीपी शरद के अनुसार, घटना के समय एक राहगीर ने सड़क किनारे मौजूद गार्ड को सूचना दी कि गड्ढे में एक बाइक गिरी हुई है।
गार्ड ने यह जानकारी पास ही तिरपाल में रहने वाले मज़दूर योगेश को दी। इसके बाद योगेश ने फोन कर सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को घटना की सूचना दी।
आरोप है कि इसके बाद सब-कॉन्ट्रैक्टर ने मज़दूर को चुप रहने को कहा और उसे वहाँ से भगा दिया, जबकि वह स्वयं भी मौके से फरार हो गया। दिल्ली पुलिस ने पहले सब-कॉन्ट्रैक्टर को गिरफ्तार किया और बाद में उत्तर प्रदेश के इटावा से दिहाड़ी मज़दूर योगेश को हिरासत में लिया।
गिरफ्तारी पर सवाल
मज़दूर योगेश पर आरोप है कि उसने घटना की सूचना सीधे पुलिस को नहीं दी। लेकिन इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि—
यदि पुलिस को सूचना न देने का अपराध है, तो राहगीर और गार्ड पर भी कार्रवाई क्यों नहीं?
जिस गड्ढे में युवक की जान गई, उसके लिए ज़िम्मेदार बड़े ठेकेदार,
दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित अधिकारी,
और सड़क की निगरानी करने वाले विभागों पर अब तक कोई आपराधिक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि मामले में कमज़ोर और गरीब मज़दूर को बलि का बकरा बनाया जा रहा है, जबकि जिनके पास पैसा और सत्ता है, वे कानून से दूर हैं।
गरीब भुगतेगा सज़ा?
सूत्रों के अनुसार, सब-कॉन्ट्रैक्टर भी जल्द ज़मानत पर बाहर आ सकता है, जबकि दिहाड़ी मज़दूर योगेश के पास न तो पैसे हैं, न कानूनी सहायता, न ही कोई प्रभावशाली पैरवी।
सवाल यह है कि 25 साल के कमल की मौत की सज़ा क्या एक गरीब मज़दूर भुगतेगा, जबकि लापरवाही से सड़क खोदकर छोड़ देने वाले बड़े जिम्मेदार खुले घूमते रहेंगे?
प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल
यह मामला एक बार फिर दिल्ली की सड़कों की बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है। सोशल मीडिया पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या कानून सिर्फ़ गरीबों के लिए है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *