Thursday, March 19, 2026
Latest:
देश दुनिया

मोदी ने बहरीन में प्राचीन हिंदू मंदिर की 42 लाख डॉलर की पुनर्निर्माण परियोजना का किया शुभारम्भ

मनामा/नई दिल्ली, 25 अगस्त (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहरीन की राजधानी मनामा में भगवान श्री कृष्ण के 200 साल पुराने मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए यहां 42 लाख डॉलर की परियोजना का रविवार को शुभारम्भ किया और कहा कि यह भारत तथा बहरीन के बीच मजबूत संबंधों को दर्शाता है। मोदी बहरीन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने मनामा के श्रीनाथजी मंदिर में प्रार्थना की और प्रसाद चढ़ाया जो उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात में शनिवार को रुपे कार्ड के उद्घाटन के बाद उससे खरीदा था। श्रीनाथजी मंदिर क्षेत्र में सबसे पुराना मंदिर है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, बहरीन के श्रीनाथजी मंदिर में समय व्यतीत किया। यह क्षेत्र के सबसे पुराने मंदिरों में से एक है और यह भारत तथा बहरीन के बीच मजबूत संबंधों को दर्शाता है। उन्होंने मंदिर में बिताए कुछ क्षणों को ट्विटर पर भी साझा किया। मोदी ने मंदिर में कार्यक्रम में भाग लेने आए भारतीय समुदाय का भी अभिवादन किया और उससे बातचीत की। प्रधानमंत्री ने इसके बाद पट्टिका का अनावरण किया और इसके साथ ही मंदिर की पुनर्निर्माण परियोजना का अधिकारिक उद्घाटन हुआ। बहरीन की आधिकारिक संवाद समिति ने बताया कि बहरीन के शाह हमाद बिन ईसा अल खलीफा ने शनिवार रात प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि मनामा में 200 वर्षों से अधिक समय पहले हिंदू मंदिर की स्थापना दोनों देशों को जोड़ने वाले गहरे संबंधों और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के गुणों और किसी भी आस्था एवं धर्म के पालन की आजादी का प्रमाण है। मनामा में श्रीनाथजी (श्री कृष्ण) मंदिर का पुनर्निर्माण कार्य इस साल आरंभ किया जाएगा।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, शानदार स्वागत के लिए बहरीन का शुक्रिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनामा स्थित 200 साल पुराने श्रीनाथजी मंदिर में प्रार्थना की, जो क्षेत्र का सबसे पुराना मंदिर है। यह मंदिर बहरीनी समाज के बहुलवाद को दर्शाता है। मनामा स्थित इस 200 साल पुराने मंदिर का 42 लाख डॉलर की लागत से 45 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में नवीनीकरण किया जा रहा है। पुनर्निर्माण के दौरान मंदिर की 200 साल पुरानी विरासत को रेखांकित किया जाएगा और नए परिसर में गर्भगृह और प्रार्थनाकक्ष होगा। इसमें पारम्परिक हिंदू विवाह समारोह और अन्य अनुष्ठानों के आयोजन के लिए विशेष सुविधा होगी ताकि बहरीन को विवाह आयोजन स्थलों के रूप में प्रोत्साहन मिले और पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। मंदिर परिसर में बहरीन और भारत के विभिन्न चित्रकारों की कलाकृतियों का प्रदर्शन किया जाएगा और यहां सभी धर्मों के लोगों का स्वागत होगा। बहरीन में तीन लाख 50 हजार भारतीय रहते हैं, जिनमें अधिकतर केरल के लोग हैं। बहरीन की कुल 12 लाख आबादी का एक तिहाई भारतीय हैं। मोदी शनिवार को यहां पहुंचे थे। वह बहरीन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *